ऑस्कर 2026 की रेस में भारत की ये 4 फिल्में, नाम जानकर आप भी कहेंगे- वाकई शानदार हैं ये मूवीज
- Shiv Kumar
- 09 Jan, 2026
98वें ऑस्कर अवॉर्ड से पहले भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। ऋषभ शेट्टी की फिल्म ‘कंतारा: ए लीजेंड–चैप्टर 1’ और अनुपम खेर की फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ समेत कुल चार भारतीय फिल्में ऑस्कर 2026 की बेस्ट फिल्म कैटेगरी की दौड़ में शामिल हो गई हैं। इस प्रतिष्ठित कैटेगरी में दुनियाभर की 201 फिल्मों के बीच कड़ा मुकाबला है। अकादमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने गुरुवार को 98वें अकादमी अवॉर्ड की ‘रिमाइंडर लिस्ट ऑफ प्रोडक्शन एलिजिबल’ जारी कर इसकी आधिकारिक घोषणा की। ऑस्कर नॉमिनेशन की घोषणा 22 जनवरी को की जाएगी, जबकि अवॉर्ड सेरेमनी 15 मार्च को आयोजित होगी।
भारतीय फिल्मों की मजबूत मौजूदगी, अलग-अलग भाषाओं का प्रतिनिधित्व
इस सूची में ऋषभ शेट्टी की ‘कंतारा’ और अनुपम खेर की ‘तन्वी द ग्रेट’ के अलावा दो अन्य भारतीय प्रोडक्शन भी शामिल हैं। इनमें मल्टी-लिंग्वल एनिमेटेड फिल्म ‘महावतार नरसिम्हा’ और तमिल फिल्म ‘टूरिस्ट फैमिली’ को जगह मिली है। ‘टूरिस्ट फैमिली’ का निर्देशन अभिशान जीविंथ ने किया है और यह उनकी पहली फिल्म है। अलग-अलग भाषाओं और जॉनर की फिल्मों का इस सूची में शामिल होना भारतीय सिनेमा की विविधता और वैश्विक पहचान को दर्शाता है। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का मानना है कि यह उपलब्धि भारतीय कंटेंट की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय स्वीकार्यता का संकेत है।
राधिका आप्टे की ‘सिस्टर मिडनाइट’ भी लिस्ट में, नॉमिनेशन अभी बाकी
राधिका आप्टे स्टारर हिंदी फिल्म ‘सिस्टर मिडनाइट’ भी इस रिमाइंडर लिस्ट में शामिल की गई है। इस फिल्म का निर्माण यूके-इंडिया की संयुक्त प्रोडक्शन कंपनी ने किया है। अकादमी के मुताबिक, कुल 317 फीचर फिल्में 98वें ऑस्कर अवॉर्ड के लिए पात्र हैं, जिनमें से 201 फिल्मों ने बेस्ट फिल्म कैटेगरी के लिए जरूरी अतिरिक्त पात्रता शर्तें पूरी की हैं। हालांकि, रिमाइंडर लिस्ट में शामिल होने का मतलब नॉमिनेशन की गारंटी नहीं है। फिल्मों को अभी भी अकादमी की वोटिंग प्रक्रिया से गुजरना होगा।
ऑस्कर पात्रता के सख्त नियम और ‘होमबाउंड’ से उम्मीदें
जनरल एंट्री कैटेगरी में पात्रता के लिए जरूरी है कि फिल्में 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2025 के बीच अमेरिका के छह प्रमुख महानगरीय क्षेत्रों—लॉस एंजिल्स काउंटी, न्यूयॉर्क सिटी, बे एरिया, शिकागो, डलास-फोर्ट वर्थ या अटलांटा—में से किसी एक सिनेमाघर में कम से कम सात दिनों तक लगातार प्रदर्शित की गई हों। बेस्ट फिल्म कंसीडरेशन के लिए फिल्मों को जनरल एलिजिबिलिटी के साथ एक गोपनीय RAISE फॉर्म भी जमा करना होता है। इस बीच नीरज घायवान की फिल्म ‘होमबाउंड’, जो भारत की ऑफिशियल एंट्री है, इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी की शॉर्टलिस्ट में शामिल होकर उम्मीदें बढ़ा चुकी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






