नूपुर की हल्दी सेरेमनी आज, बहन कृति सेनन का गजब अंदाज, डांस करते वीडियो वायरल, लेक सिटी में हो रही शादी

top-news
उदयपुर में नूपुर सेनन और सिंगर स्टेबिन बेन की शादी के फंक्शन शुरू हो गए हैं। हल्दी-संगीत में कृति सेनन के डांस वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। रैफल्स होटल में होने वाली इस हाई-प्रोफाइल शादी में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन की बहन नूपुर सेनन की शादी के फंक्शन उदयपुर में भव्य अंदाज में शुरू हो चुके हैं। लेकसिटी के लग्जरी रैफल्स होटल में 9 जनवरी से शादी से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को नूपुर सेनन और सिंगर स्टेबिन बेन की हल्दी और संगीत सेरेमनी हुई, जिसमें परिवार और करीबी दोस्तों ने जमकर मस्ती की। इस खास मौके पर कृति सेनन ने डांस फ्लोर पर ऐसा माहौल बनाया कि हर किसी की नजरें उन्हीं पर टिक गईं। सोशल मीडिया पर शादी के फंक्शन से जुड़े कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें पूरा सेनन परिवार खुशियों में डूबा नजर आ रहा है।




हल्दी-संगीत में कृति सेनन का धमाकेदार डांस
हल्दी और संगीत सेरेमनी के दौरान कृति सेनन का एनर्जी से भरपूर अंदाज देखने को मिला। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कृति अपनी बहन नूपुर और उनकी सहेलियों के साथ फिल्म ‘हनीमून ट्रैवल्स’ के गाने ‘सजना जी वारी-वारी’ पर थिरकती नजर आ रही हैं। वहीं एक अन्य वीडियो में कृति, ‘फुकेरे’ फेम एक्टर वरुण शर्मा के साथ भोजपुरी सुपरहिट गाने ‘लॉलीपॉप लागेलू’ पर डांस करती दिखीं। भोजपुरी स्टार पवन सिंह के इस गाने पर कृति और वरुण की जुगलबंदी को नूपुर और स्टेबिन भी एंजॉय करते नजर आए। शादी के फंक्शन में मौजूद मेहमानों ने कृति के डांस को खूब सराहा और हर वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।




बहन के लिए खास परफॉर्मेंस, परिवार के साथ भावुक पल
एक और वीडियो में कृति सेनन बहन नूपुर के लिए पंजाबी सॉन्ग ‘दिल तू जान तू’ पर परफॉर्म करती दिखाई दे रही हैं। इस दौरान कृति की मां भी उनके साथ मंच पर मौजूद थीं। डांस के बीच कृति ने प्यार से बहन का माथा चूमा, जिससे यह पल और भी भावुक हो गया। परिवार के सदस्यों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। शादी के फंक्शन 9 जनवरी से शुरू हुए हैं, जिसमें हल्दी और संगीत के बाद आज कपल की मेहंदी सेरेमनी आयोजित की जाएगी। मेहंदी के लिए होटल में अलग-अलग थीम पर खास सजावट की गई है। 11 जनवरी को नूपुर सेनन और स्टेबिन बेन सात फेरे लेकर हमेशा के लिए एक-दूजे के हो जाएंगे।


बॉयफ्रेंड कबीर भी पहुंचे उदयपुर, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
शादी में शामिल होने के लिए कृति सेनन के बॉयफ्रेंड कबीर भी उदयपुर पहुंचे हैं। उन्हें हाल ही में कृति और उनके परिवार के साथ एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया था। शादी में बॉलीवुड, टीवी और म्यूजिक इंडस्ट्री से कई सितारों के पहुंचने की संभावना है। होटल रैफल्स में पहले भी कई हाई-प्रोफाइल शादियां हो चुकी हैं, इसलिए यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। होटल स्टाफ को भी शादी से जुड़ी सभी जानकारियां गोपनीय रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *