‘डॉन-3’ में शाहरुख खान की वापसी के संकेत, डायरेक्शन को लेकर रखी ये खास शर्त
- Shiv Kumar
- 17 Jan, 2026
फरहान अख्तर के निर्देशन में बनने वाली बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘डॉन-3’ एक बार फिर सुर्खियों में है। लंबे समय से अटकी इस आइकॉनिक फ्रेंचाइजी को लेकर अब बड़ा अपडेट सामने आया है। नई रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘डॉन’ के असली बादशाह शाहरुख खान की इस फिल्म में वापसी हो सकती है। बताया जा रहा है कि फरहान अख्तर और शाहरुख खान के बीच ‘डॉन-3’ को लेकर दोबारा बातचीत शुरू हो चुकी है। इससे फैंस की उम्मीदें एक बार फिर जिंदा हो गई हैं कि किंग खान फिर से डॉन के किरदार में नजर आ सकते हैं।
एटली को लेकर शाहरुख की खास शर्त
टेली चक्कर की रिपोर्ट के अनुसार, शाहरुख खान ने फिल्म में वापसी को लेकर अपनी सहमति पूरी तरह नहीं दी है, बल्कि उन्होंने एक अहम शर्त रखी है। सूत्रों के मुताबिक, शाहरुख चाहते हैं कि ‘डॉन-3’ का निर्देशन साउथ के चर्चित फिल्ममेकर एटली करें। शाहरुख ने फरहान अख्तर के सामने प्रस्ताव रखा है कि अगर एटली इस प्रोजेक्ट से जुड़ते हैं, तभी वह फिल्म का हिस्सा बनने पर गंभीरता से विचार करेंगे। गौरतलब है कि शाहरुख और एटली इससे पहले फिल्म ‘जवान’ में साथ काम कर चुके हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी।
कास्टिंग के कारण तीन साल से अटका प्रोजेक्ट
बताया जा रहा है कि फरहान अख्तर पिछले करीब तीन सालों से ‘डॉन’ फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म पर काम कर रहे हैं, लेकिन कास्टिंग को लेकर यह प्रोजेक्ट लगातार अटका हुआ है। शुरुआत में ‘डॉन-3’ के लिए रणवीर सिंह को साइन किया गया था, लेकिन बाद में उन्होंने फिल्म से खुद को अलग कर लिया। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि ‘धुरंधर’ की सफलता के बाद रणवीर ने फिल्म छोड़ दी, वहीं कुछ सूत्रों का कहना है कि कथित अनुचित मांगों के चलते उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया गया।
ऋतिक रोशन ने भी किया इनकार
रणवीर सिंह के बाहर होने के बाद फिल्म के लिए ऋतिक रोशन से भी संपर्क किया गया था, लेकिन उन्होंने भी ‘डॉन-3’ करने से इनकार कर दिया। मूवी टॉकीज की रिपोर्ट के मुताबिक, ऋतिक इन दिनों ‘कृष-4’ से निर्देशन में डेब्यू की तैयारी कर रहे हैं और उनके पास कई बड़ी पैन इंडिया फिल्में भी लाइनअप में हैं। इसी वजह से उनका शेड्यूल पूरी तरह पैक है और वह किसी नए प्रोजेक्ट के लिए समय नहीं निकाल पा रहे।
अब शाहरुख पर टिकी हैं सबकी नजरें
अब फिल्म इंडस्ट्री और फैंस की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या फरहान अख्तर शाहरुख खान की शर्त मानते हैं और क्या एटली ‘डॉन-3’ का निर्देशन संभालते हैं। अगर ऐसा होता है, तो यह फिल्म न सिर्फ फ्रेंचाइजी के लिए बल्कि बॉक्स ऑफिस के लिए भी एक बड़ा धमाका साबित हो सकती है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






