मोस्ट अवेटेड फिल्म बॉर्डर-2 से बॉक्स ऑफिस पर सुनामी की तैयारी, पहले दिन 30 करोड़ कलेक्शन की उम्मीद
- Shiv Kumar
- 20 Jan, 2026
रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर के बाद अब बॉलीवुड की अगली बड़ी रिलीज बॉर्डर-2 पर सभी की निगाहें टिकी हैं। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होते ही दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है और रिलीज से पहले ही इसका क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह एपिक एक्शन वॉर ड्रामा बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना सकती है। मौजूदा हालात को देखते हुए बॉर्डर 2 को किसी बड़ी फिल्म से सीधी टक्कर नहीं मिल रही है, जिससे इसकी राह लगभग साफ मानी जा रही है।
पहले दिन 25 से 30 करोड़ की ओपनिंग का अनुमान
ट्रेड रिपोर्ट्स और एडवांस बुकिंग के ट्रेंड्स के अनुसार बॉर्डर 2 पहले दिन 25 से 30 करोड़ रुपये तक की कमाई कर सकती है। अगर बुकिंग का यही रुझान बरकरार रहा तो यह आंकड़ा और ऊपर जा सकता है। खास बात यह है कि यह फिल्म धुरंधर की पहले दिन की कमाई (28 करोड़ रुपये) को भी पीछे छोड़ सकती है। 19 जनवरी 2025 से शुरू हुई एडवांस बुकिंग को पहले 24 घंटे में ही शानदार रिस्पॉन्स मिला है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक अब तक फिल्म के करीब 55,223 टिकट बिक चुके हैं और 1.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन हो चुका है। ब्लॉक सीटों को मिलाकर कुल कलेक्शन लगभग 4.62 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
अन्य फिल्मों का कमजोर प्रदर्शन, बॉर्डर 2 को फायदा
बॉक्स ऑफिस पर फिलहाल हैप्पी पटेल और राहु केतु जैसी फिल्मों का प्रदर्शन कमजोर रहा है। वहीं धुरंधर का शानदार रन अब धीमा पड़ चुका है। साउथ की फिल्म द राजा साब भी हिंदी बेल्ट में खास असर नहीं छोड़ पाई। ऐसे में बॉर्डर 2 को दर्शकों का पूरा ध्यान मिलने की संभावना है। ट्रेड पंडितों का मानना है कि मजबूत कंटेंट, देशभक्ति का जज्बा और बड़े स्टार्स की मौजूदगी इस फिल्म को बड़ी ओपनिंग दिला सकती है।
तीनों सितारों की पिछली ओपनिंग को पीछे छोड़ सकती है फिल्म
बॉर्डर 2 में सनी देओल, वरुण धवन और दिलजीत दोसांझ पहली बार इतने बड़े पैमाने की वॉर फिल्म में साथ नजर आएंगे। दिलचस्प बात यह है कि यह फिल्म इन तीनों कलाकारों की पिछली फिल्मों की कुल ओपनिंग को भी पीछे छोड़ सकती है। सनी देओल की जाट (9.62 करोड़), वरुण धवन की सनी संकरी की तुलसी कुमारी (10.11 करोड़) और दिलजीत दोसांझ की जट्ट एंड जूलियट 3 (3.35 करोड़) की कुल ओपनिंग 23.08 करोड़ रुपये रही थी।
छुट्टी का मिलेगा फायदा, वीकेंड पर बढ़ेगी कमाई
वसंत पंचमी के कारण कई राज्यों में आंशिक छुट्टी रहेगी, जिससे सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का कहना है कि वीकेंड तक फिल्म की कमाई और तेज हो सकती है। अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी बॉर्डर 2 में अहान शेट्टी, मोना सिंह, सोनम बाजवा, अन्या सिंह और मेधा राणा भी अहम भूमिकाओं में हैं। टी-सीरीज फिल्म्स और जेपी फिल्म्स के बैनर तले बनी यह भव्य वॉर ड्रामा फिल्म 23 जनवरी 2025 को गणतंत्र दिवस से ठीक पहले दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






