ओ रोमियो का ट्रेलर रिलीज, किलर अंदाज में नजर आए शाहिद कपूर, एक्शन के साथ रोमांस का तड़का

top-news
शाहिद कपूर की फिल्म ‘ओ रोमियो’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में दमदार एक्शन, खून से सराबोर शाहिद का अवतार और तृप्ति डिमरी संग रोमांस देखने को मिला। फिल्म 13 फरवरी को रिलीज होगी।

शाहिद कपूर की अपकमिंग फिल्म ‘ओ रोमियो’ का ट्रेलर आज बुधवार को रिलीज हो गया है और रिलीज होते ही यह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। ट्रेलर में शाहिद कपूर का अब तक का सबसे इंटेंस और खतरनाक अवतार देखने को मिल रहा है। खून से सराबोर चेहरे, दमदार डायलॉग्स और जबरदस्त एक्शन सीन ने दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। इसके साथ ही फिल्म में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी के बीच दिखाया गया रोमांस भी खास अंदाज में पेश किया गया है। विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी यह फिल्म अगले महीने 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।


एक्शन के साथ रोमांस का तगड़ा तड़का
ट्रेलर में साफ दिख रहा है कि ‘ओ रोमियो’ सिर्फ एक गैंगस्टर ड्रामा नहीं, बल्कि इसमें प्यार, हिंसा और इमोशन का जबरदस्त मिश्रण है। शाहिद कपूर जहां एक ओर खूंखार गैंगस्टर के रूप में नजर आते हैं, वहीं दूसरी ओर तृप्ति डिमरी के साथ उनके रोमांटिक सीन्स कहानी को संतुलन देते हैं। ट्रेलर में शाहिद का खून से लथपथ लुक और उनके एक्शन सीक्वेंस काफी रॉ और रियल लगते हैं। यही वजह है कि फैंस इस अवतार की जमकर तारीफ कर रहे हैं। अविनाश तिवारी भी फिल्म में अहम भूमिका निभा रहे हैं, जिनकी झलक ट्रेलर में कहानी को और दिलचस्प बनाती है।


स्टारकास्ट में दिखेगा दिग्गज कलाकारों का जमावड़ा
फिल्म की स्टारकास्ट इसकी सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है। शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी और अविनाश तिवारी के अलावा फिल्म में रणदीप हुड्डा, दिशा पाटनी, नाना पाटेकर, फरीदा जलाल, शक्ति कपूर, राम कपूर और तमन्ना भाटिया जैसे बड़े नाम नजर आएंगे। इसके साथ ही सान्या मल्होत्रा, विक्रांत मैसी, दिया मिर्जा, तनीषा मुखर्जी, तारा शर्मा और रोशनी वालिया भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे। इतनी बड़ी और मजबूत कास्ट फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ा रही है।


हुसैन उस्तरा की कहानी पर आधारित है फिल्म
‘ओ रोमियो’ की कहानी हुसैन उस्तरा नाम के एक कुख्यात गैंगस्टर की जिंदगी से प्रेरित बताई जा रही है। यह वही किरदार है, जो कभी मुंबई के पायधुनी इलाके में अंडरवर्ल्ड पर राज करता था और दाऊद इब्राहिम के साथ अपनी दुश्मनी को लेकर चर्चा में रहा। राइटर हुसैन जैदी ने अपनी मशहूर सीरीज ‘डोंगरी टू दुबई’ में इस गैंगस्टर की कहानी को विस्तार से बताया है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे महज 16 साल की उम्र में अपराध की दुनिया में कदम रखने वाला युवक धीरे-धीरे अंडरवर्ल्ड का बड़ा नाम बन जाता है। अब इस किरदार को शाहिद कपूर ने अपने अंदाज में पर्दे पर उतारा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि 13 फरवरी को रिलीज होने वाली ‘ओ रोमियो’ दर्शकों के दिलों में कितनी गहरी छाप छोड़ पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *