अल्फा का टीजर रिलीज, दमदार एक्शन अवतार में दिखीं आलिया भट्ट, YRF स्पाई यूनिवर्स की पहली फीमेल लीड फिल्म पर बढ़ा उत्साह
- Shiv Kumar
- 10 Jun, 2026
यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म अल्फा का टीजर जारी कर दिया गया है। करीब 1 मिनट 55 सेकेंड लंबे इस टीजर में आलिया भट्ट जबरदस्त एक्शन अवतार में नजर आ रही हैं। टीजर के सामने आते ही फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ गया है। फिल्म की कहानी एक युवा महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार आलिया भट्ट निभा रही हैं। टीजर में दिखाया गया है कि बचपन से ही उसे एक खास मिशन के लिए तैयार किया जाता है। उसके पिता की भूमिका निभा रहे बॉबी देओल उसे ‘अल्फा’ नाम के एक गुप्त कार्यक्रम से परिचित कराते हैं। यह कार्यक्रम देश की अगली पीढ़ी के विशेष सैनिकों को तैयार करने के उद्देश्य से बनाया गया है।
स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला-केंद्रित फिल्म
अल्फा, यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की सातवीं फिल्म है और यह इस यूनिवर्स की पहली फीमेल लीड फिल्म भी मानी जा रही है। फिल्म में आलिया भट्ट के अलावा शर्वरी वाघ, बॉबी देओल और अनिल कपूर अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। वहीं ऋतिक रोशन अपनी चर्चित भूमिका कबीर के कैमियो में नजर आ सकते हैं। फिल्म का निर्देशन शिव रवैल ने किया है और यह 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
आलिया से अनबन की खबरों पर बोले बॉबी देओल
हाल ही में बॉबी देओल ने आलिया भट्ट के साथ कथित अनबन की खबरों को पूरी तरह अफवाह बताया था। उन्होंने कहा था कि सोशल मीडिया पर कई बार बिना वजह की बातें फैलाई जाती हैं। बॉबी ने आलिया की तारीफ करते हुए उन्हें मेहनती, प्रोफेशनल और शानदार अभिनेत्री बताया। उन्होंने कहा कि एक्शन सीक्वेंस की तैयारी के मामले में आलिया काफी समर्पित हैं और उनके साथ काम करने का अनुभव बेहतरीन रहा।
अल्फा के बाद बढ़ी पठान 2 और टाइगर वर्सेस पठान की चर्चा
अल्फा के टीजर रिलीज के साथ ही YRF स्पाई यूनिवर्स की अगली फिल्मों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पठान 2 की स्क्रिप्ट लगभग तैयार हो चुकी है और इसमें शाहरुख खान एक बार फिर मुख्य भूमिका में नजर आ सकते हैं। वहीं टाइगर vs पठान को लेकर भी लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं। इस फिल्म में सलमान ख़ान और शाहरुख खान के साथ आने की चर्चा रही है। हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में इसे फिलहाल होल्ड पर रखने की बात कही गई है, लेकिन फिल्म पूरी तरह बंद होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






