'काला हिरन' फिल्म पर बवाल, सलमान बोले- मेरी इमेज को पहुंच रहा नुकसान
- Babli Ansari
- 12 Jun, 2026
नई दिल्ली। सलमान खान ने अपनी पहचान, छवि और लंबित कानूनी मामलों से जुड़ी सामग्री के कथित इस्तेमाल पर आपत्ति जताते हुए दिल्ली हाई कोर्ट में दखल मांगा है। अभिनेता की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि प्रस्तावित फिल्म ‘काला हिरन: द बैटल फॉर लिगेसी’ उनके व्यक्तित्व अधिकारों का उल्लंघन करती है और इसका सीधा असर उनकी प्रतिष्ठा पर पड़ सकता है। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने निर्माता अमित जानी, जानी फायरफॉक्स फिल्म्स, निर्देशक भारत श्रीनाते, अक्षय पांडे और अन्य जुड़े पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। याचिका में फिल्म की शूटिंग, प्रचार, रिलीज और किसी भी तरह के प्रसारण पर तत्काल रोक की मांग की गई है।
फिल्म के प्रचार पर भी आपत्ति, लुकअलाइक और ब्रेसलेट का मुद्दा उठा
सलमान खान की तरफ से दलील दी गई है कि फिल्म के पोस्टर, टीज़र और अन्य प्रचार सामग्री में उनकी पहचान का इस्तेमाल किया जा रहा है। याचिका के मुताबिक, मेकर्स ने एक ऐसे चेहरे का सहारा लिया है जो अभिनेता से मिलता-जुलता दिखता है और उसके साथ उनकी पहचान बन चुके ब्लू ब्रैसलेट की झलक भी जोड़ी गई है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इन प्रचार सामग्रियों से दर्शकों के बीच यह संदेश जाता है कि फिल्म सीधे तौर पर सलमान खान और 1998 के काले हिरन मामले से जुड़ी है। सूत्रों के अनुसार, अभिनेता ने पहले कानूनी नोटिस भेजकर सामग्री हटाने और रिलीज रोकने की मांग की थी, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर हाई कोर्ट का रुख किया गया।
लंबित मामले पर असर पड़ने की आशंका, अदालत ने मांगा पक्ष
याचिका में यह भी कहा गया है कि फिल्म का विषय अदालत में चल रही सुनवाई को प्रभावित कर सकता है। सलमान खान का तर्क है कि किसी भी अप्रमाणित या काल्पनिक प्रस्तुति से चल रहे न्यायिक मामलों पर पूर्वाग्रह बन सकता है और उनकी साख को अपूरणीय नुकसान पहुंच सकता है। कानूनी जानकारों के मुताबिक, याचिका में आदेश 39 नियम 1 और 2 के तहत अंतरिम राहत मांगी गई है, ताकि मामले के अंतिम निस्तारण तक फिल्म के किसी भी हिस्से का सार्वजनिक प्रसार रोका जा सके। अदालत की ओर से जारी नोटिस के बाद अब अगली सुनवाई पर निर्माताओं को अपना जवाब दाखिल करना होगा। तब तक इस फिल्म की रिलीज और प्रमोशन पर अनिश्चितता बनी हुई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






