‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस पर बड़ा कमाल, 10 लाख से शुरुआत कर 400 करोड़ के क्लब में पहुंची फिल्म

top-news
‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर आठ सप्ताह पूरे कर लिए हैं। धीमी शुरुआत के बाद फिल्म की कमाई में लगातार तेजी आई और इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 402 करोड़ रुपये पहुंच गया। फिल्म ने कई चर्चित फिल्मों के कलेक्शन को पीछे छोड़ते हुए भारतीय सिनेमा की टॉप 50 कमाई वाली फिल्मों में जगह बनाई है।

‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस पर कमाई का सिलसिला लगातार जारी है। सिनेमाघरों में रिलीज के सात सप्ताह पूरे करने के बाद फिल्म ने अपना आठवां सप्ताह भी मजबूत कलेक्शन के साथ खत्म किया है। शुरुआत में धीमी रफ्तार से आगे बढ़ने वाली यह फिल्म अब भारतीय सिनेमा की चर्चित बॉक्स ऑफिस फिल्मों के आंकड़ों को पीछे छोड़ रही है। आठवें वीकेंड के बाद फिल्म का दुनियाभर में ग्रॉस कलेक्शन 400 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है और यह भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की टॉप 50 सूची में भी शामिल हो गई है।


शुरुआत में धीमी रही थी फिल्म की कमाई

‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस शुरुआत बेहद धीमी रही थी। फिल्म ने सिनेमाघरों में करीब 10 लाख रुपये की ओपनिंग की थी। शुरुआती दो सप्ताह में भी टिकट खिड़की पर फिल्म की रफ्तार ज्यादा नहीं बढ़ी और इसकी कुल नेट कमाई करीब 1.50 करोड़ रुपये तक ही पहुंच पाई थी। उस समय फिल्म के जल्द सिनेमाघरों से उतरने की संभावना जताई जा रही थी। हालांकि तीसरे सप्ताह के बाद दर्शकों के बीच फिल्म की चर्चा बढ़ने लगी। कहानी और भावनात्मक जुड़ाव को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया में बदलाव आया, जिसका असर फिल्म की कमाई पर भी दिखाई दिया। चौथे सप्ताह के बाद फिल्म ने लगातार कई सप्ताह भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 60 करोड़ रुपये से अधिक का नेट कलेक्शन किया।


आठवें वीकेंड में भी जारी रहा कमाई का सिलसिला

फिल्म ने आठवें वीकेंड में भी मजबूत प्रदर्शन किया। रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार और रविवार समेत वीकेंड में ‘हनुमान अंश’ ने करीब 18.95 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। रविवार को फिल्म ने अकेले करीब 9 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन करीब 307 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ग्रॉस कलेक्शन लगभग 362 करोड़ रुपये पहुंच चुका है। रविवार को फिल्म ने भारत में 300 करोड़ रुपये नेट का आंकड़ा भी पार कर लिया। 300 करोड़ का आंकड़ा पार करने के बाद फिल्म की टीम ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी।


दुनियाभर में 400 करोड़ के पार पहुंचा कलेक्शन

‘हनुमान अंश’ को विदेशी बाजार में भारत के मुकाबले काफी देर से रिलीज किया गया था। इसकी अंतरराष्ट्रीय रिलीज भारतीय रिलीज के करीब छह सप्ताह बाद हुई। इसके बावजूद फिल्म ने विदेशी बाजार में भी धीरे-धीरे अपनी कमाई बढ़ाई और ताजा आंकड़ों के मुताबिक विदेशों में 4 मिलियन डॉलर से अधिक का कलेक्शन कर लिया है। घरेलू और विदेशी बाजार की कमाई को मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 402 करोड़ रुपये पहुंच गया है। इसी के साथ फिल्म ने 400 करोड़ रुपये के क्लब में भी जगह बना ली है।


कई बड़ी फिल्मों के कलेक्शन को छोड़ा पीछे

आठवें सप्ताह में फिल्म ने कई चर्चित फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया। रविवार को ‘हनुमान अंश’ ने ‘कृष 3’ और ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ के कलेक्शन को पार किया। इसके बाद फिल्म ने ‘3 इडियट्स’ और ‘कांतारा’ जैसी फिल्मों के आंकड़ों को भी पीछे छोड़ दिया। फिल्म की मौजूदा कमाई को देखते हुए इसके 450 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड आंकड़े तक पहुंचने की चर्चा हो रही है। हालांकि आने वाले हफ्तों में इसकी कमाई की रफ्तार दर्शकों की प्रतिक्रिया और सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली नई फिल्मों पर निर्भर करेगी।


आध्यात्मिक कहानी पर आधारित है फिल्म

विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ आध्यात्मिक कहानी पर आधारित है। फिल्म की कहानी लक्ष्मीनारायण नाम के एक युवा के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी मां को खोने के बाद जीवन, मृत्यु और इंसानी दुखों से जुड़े सवालों के जवाब तलाशने निकलता है। उत्तर भारत की यात्रा के दौरान उसे अलग-अलग आध्यात्मिक अनुभव होते हैं और धीरे-धीरे उसकी तलाश उसे ऐसे आध्यात्मिक मार्ग पर ले जाती है, जहां वह आगे चलकर संत नीम करौली बाबा के रूप में पहचाना जाता है। फिल्म में शोभिनव सत्य मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ विहान शेडगे, चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडे और भगवानदास पटेल भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *