‘सूर्या’ में दमदार अंदाज में नजर आए सनी देओल, मोशन पोस्टर के साथ मेकर्स ने घोषित की रिलीज डेट
- Shiv Kumar
- 12 Oct, 2026
बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल अपनी आगामी फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ में नए और आक्रामक अंदाज में नजर आने वाले हैं। अभिनेता ने आज फिल्म का मोशन पोस्टर साझा कर इसकी आधिकारिक घोषणा की। पोस्टर में सनी देओल का गंभीर लुक दिखाई दे रहा है, जिसने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। पोस्टर के साथ अभिनेता ने फिल्म की रिलीज डेट भी बताई है। सनी देओल की यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन मलयालम सिनेमा के फिल्ममेकर एम. पद्मकुमार ने किया है। यह उनकी बॉलीवुड में पहली फिल्म है और इसे 2018 में रिलीज हुई मलयालम थ्रिलर ‘जोसेफ’ का हिंदी रीमेक बताया जा रहा है।
मोशन पोस्टर में गंभीर और आक्रामक दिखे सनी देओल
फिल्म के मोशन पोस्टर में सनी देओल उम्रदराज लुक में नजर आ रहे हैं। उनकी दाढ़ी आधी सफेद और आधी काली दिखाई गई है। वह टी-शर्ट पहने सिगरेट पीते हुए गंभीर और आक्रामक अंदाज में दिख रहे हैं। पोस्टर साझा करते हुए अभिनेता ने कैप्शन में लिखा, ‘अतीत और वर्तमान के बीच उलझा हुआ, वह सच का पता लगाता है! पेश है ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’! 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में।’ पोस्टर में दिखाए गए उनके लुक से फिल्म के किरदार के गंभीर और रहस्यमय मिजाज की झलक मिलती है।
मलयालम थ्रिलर ‘जोसेफ’ का हिंदी रीमेक है फिल्म
‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ साल 2018 में आई मलयालम थ्रिलर फिल्म ‘जोसेफ’ का हिंदी रीमेक है। मूल फिल्म की कहानी शाही कबीर ने लिखी थी। इस हिंदी फिल्म का निर्देशन एम. पद्मकुमार कर रहे हैं। यह उनकी बॉलीवुड में पहली फिल्म है। खबरों के मुताबिक, सनी देओल फिल्म में एक रिटायर्ड पुलिस ऑफिसर की भूमिका निभा रहे हैं। कहानी में उनका किरदार ऐसी जांच में उलझ जाता है, जिसके दौरान उसे अपराध से जुड़े मामलों के साथ अपने अतीत के राजों का भी सामना करना पड़ता है। फिल्म में न्याय, नैतिक दुविधा और अनसुलझे सच के नतीजों जैसे विषयों को दिखाया जाएगा।
रवि किशन समेत कई कलाकार आएंगे नजर
फिल्म की स्टार कास्ट में सनी देओल के साथ रवि किशन, प्रज्ञा जायसवाल, जिस्शु सेनगुप्ता, टीनू आनंद, मनीष वाधवा और तनुश्री चक्रवर्ती शामिल हैं। इनके अलावा रोहित तिवारी और अनूप त्रिवेदी भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म को कमल मुकुट पेश कर रहे हैं। इसका निर्माण दीपक मुकुट, हेमंत मुकुट और लोकेश मुकुट ने एमएम मूवीज के बैनर तले किया है। फिल्म की कहानी और सनी देओल का नया लुक सामने आने के बाद अब दर्शकों की नजर इसकी रिलीज पर है। यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






