प्लेन क्रैश कराने की कोशिश नाकाम करने वाले पायलट मच्छर का UAE में सम्मान, राष्ट्रपति ने गले लगाकर जताया गर्व
- Shiv Kumar
- 28 Oct, 2026
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर को ‘जायद II- फर्स्ट क्लास’ सम्मान से नवाजा है। मंगलवार को हुए समारोह में UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने कैप्टन मच्छर को गले लगाकर सम्मानित किया। दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान ने भी उनकी बहादुरी और जिम्मेदारी की सराहना की। यह सम्मान UAE के प्रमुख नागरिक सम्मानों में शामिल है। कैप्टन मच्छर ने 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान मुश्किल हालात का सामना किया था। आरोप है कि विमान के को-पायलट ने कॉकपिट में उन पर हमला कर दिया और विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की। इस घटना के दौरान कैप्टन और क्रू ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी। UAE के राष्ट्रपति ने विमान के अन्य क्रू सदस्यों को भी सम्मानित किया।
UAE के नेताओं ने कैप्टन मच्छर और क्रू की सराहना की
सम्मान समारोह में UAE के उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम भी मौजूद रहे। UAE के नेताओं ने कैप्टन मच्छर और क्रू सदस्यों की हिम्मत, जिम्मेदारी और कठिन परिस्थितियों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयासों की तारीफ की। दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि कैप्टन स्मित मच्छर ने साहस, जिम्मेदारी और इंसानी जान की परवाह करने की मिसाल पेश की। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि कैप्टन उनकी टीम, देश की कहानी और UAE की पहचान का हिस्सा हैं। इससे पहले, जब कैप्टन मच्छर अपनी चोटों का इलाज करा रहे थे, तब शेख हमदान उनसे मिलने भी पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने कैप्टन के साहस और लोगों की जान बचाने के प्रयासों की प्रशंसा की थी।
को-पायलट ने कॉकपिट में इमरजेंसी कुल्हाड़ी से किया हमला
30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। इसी दौरान को-पायलट ने कॉकपिट में कैप्टन मच्छर पर हमला कर दिया। कैप्टन के मुताबिक, उनके सिर पर कई वार किए गए। हमले में इस्तेमाल की गई वस्तु कॉकपिट में मौजूद इमरजेंसी कुल्हाड़ी बताई गई है। कैप्टन ने विमान से आपात स्थिति का संकेत भेजा और किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। इसके बाद विमान में मौजूद यात्रियों और क्रू सदस्यों ने मिलकर हमलावर को काबू किया। हमले के दौरान विमान करीब 17 हजार फीट नीचे आ गया। इसके बाद विमान में मौजूद ड्यूटी से बाहर अन्य पायलटों ने नियंत्रण संभालने में मदद की और विमान का रास्ता बदलकर सऊदी अरब के ताबुक शहर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। दी गई जानकारी के मुताबिक, विमान में सवार सभी 180 लोग सुरक्षित बाहर निकाले गए।
पहले लगा विमान का हिस्सा सिर पर गिरा है: कैप्टन मच्छर
UAE के अखबार ‘द नेशनल’ को दिए इंटरव्यू में कैप्टन मच्छर ने बताया कि हमले की शुरुआत में उन्हें समझ नहीं आया कि उनके साथ क्या हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहली चोट लगने पर उन्हें लगा कि विमान का कोई हिस्सा टूटकर उनके सिर पर गिर गया है। लगातार वार होने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि उन पर कोई दूसरा व्यक्ति हमला कर रहा है। उन्होंने बताया कि वह हमलावर को अपनी टीम का हिस्सा समझ रहे थे। कैप्टन के अनुसार, उन्होंने सबसे पहले सीट बेल्ट खोलकर खुद को मुक्त करने की कोशिश की। इसके बाद वह सिर पर पड़ रहे वारों से बचने का प्रयास करते रहे। हमले के दौरान उन्हें ठीक से दिखाई देना भी मुश्किल हो गया था। इसके बावजूद उन्होंने आपात स्थिति से निपटने और कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश जारी रखी, ताकि अन्य लोग अंदर पहुंचकर स्थिति को संभाल सकें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






