बॉर्डर पार से दुल्हन लाने निकला दूल्हा खाली हाथ लौटा, पाकिस्तान जाने की नहीं मिली अनुमति, 30 अप्रैल को थी शादी
भारत-पाक तनाव का असर: बाड़मेर निवासी शैतानसिंह की शादी बॉर्डर पर अटकी, बारात को लौटना पड़ा
- Shiv Kumar
- 27 Apr, 2025
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब पारिवारिक रिश्तों पर पड़ने लगा है। बाड़मेर निवासी शैतानसिंह की पाकिस्तान के अमरकोट निवासी युवती से तय शादी 30 अप्रैल को होनी थी, लेकिन तनाव के चलते यह समारोह अधूरा रह गया। शैतानसिंह अपनी बारात लेकर 24 अप्रैल को अटारी-वाघा बॉर्डर पहुंचे थे। लेकिन आगे जाने की अनुमति नहीं मिली। मजबूरन बारात को वहीं से लौटना पड़ा। दूल्हा बने शैतानसिंह ने सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा सबसे ऊपर है। आतंकवाद के खिलाफ सरकार का कदम उचित है। वहीं, जैसलमेर में 13 दिन पहले आईं दो दुल्हनों को भी वापस जाने का आदेश दिया गया है।
चार साल पहले तय हुई थी शादी, 3 साल वीजा के लिए किया प्रयास
जानकारी के मुताबिक, चार साल पहले तय हुए इस रिश्ते के लिए शैतानसिंह पिछले तीन साल से वीजा प्राप्त करने की कोशिश कर रहे थे। फरवरी 2025 में वीजा स्वीकृत होने के बाद दोनों परिवारों ने 30 अप्रैल की तारीख तय की थी। इसी बीच 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाक नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए और भारतीय नागरिकों को भी पाकिस्तान न जाने की सलाह दी है। शैतान सिंह ने उम्मीद जताई है कि हालात सुधरने पर यह रिश्ता फिर से जुड़ सकेगा।
तलाशी अभियान जारी, 175 संदिग्ध गिरफ्तार
पहलगाम में सुरक्षा बलों ने पूरी तरह से एक्शन लिया है। हंदवाड़ा पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-हुर्रियत से जुड़े मामलों की जांच के लिए जिले में तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने संगठन के सदस्यों की गतिविधियों को लेकर पुख्ता जानकारी प्राप्त की थी। सुरक्षाबलों ने अनंतनाग में भी व्यापक तलाशी अभियान चलाया और 175 संदिग्धों को गिरफ्तार किया। प्रशासन ने सुरक्षा को बनाए रखने के लिए प्रयास तेज किए हैं।
भारत के सख्त रुख से बौखलाया इस्लामाबाद
आतंकी हमले में 28 निर्दोष पर्यटकों की हत्या के बाद भारत ने सख्त कदम उठाते हुए पाकिस्तान पर जिम्मेदारी तय की और सिंधु जल समझौता स्थगित कर दिया। भारत के सख्त रुख से पाकिस्तान घबराया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पहलगाम हमले की निष्पक्ष जांच में सहयोग की पेशकश की है। वहीं, पाकिस्तान ने भारत की एयरलाइंस पर हवाई क्षेत्र बंद करने और शिमला समझौते से हटने का ऐलान भी किया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






