यूपी में एयरफोर्स का एयरक्राफ्ट क्रैश, तालाब में गिरा विमान, हादसे से मचा हड़कंप, जान लें पूरा मामला

top-news
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में वायुसेना का ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश होकर तालाब में गिर गया। हादसे से पहले दोनों पायलट पैराशूट से कूद गए और सुरक्षित बच गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

प्रयागराज में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब भारतीय वायुसेना का एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट उड़ान के दौरान अचानक डगमगाकर शहर के बीचों-बीच तालाब में गिर गया। यह हादसा दोपहर करीब 12 बजे केपी कॉलेज के पीछे हुआ। राहत की बात यह रही कि दो सीटर एयरक्राफ्ट में सवार दोनों पायलट सुरक्षित हैं। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई।


हवा में डगमगाया विमान, तालाब में हुआ क्रैश
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एयरफोर्स का ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट हवा में उड़ते समय अचानक असंतुलित हो गया। कुछ ही पलों में वह नीचे की ओर आने लगा और केपी कॉलेज के पीछे स्थित तालाब में जा गिरा। जिस जगह विमान गिरा, उसके आसपास स्कूल और रिहायशी कॉलोनियां हैं, जबकि माघ मेले का क्षेत्र भी यहां से महज तीन किलोमीटर की दूरी पर है। ऐसे में बड़ा हादसा टलने पर लोगों ने राहत की सांस ली। हादसे के बाद तालाब के आसपास भीड़ जमा हो गई और लोग वीडियो बनाने लगे, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।


पैराशूट से कूदे पायलट, स्थानीय लोगों ने बचाया
हादसे से पहले ही दोनों पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए पैराशूट से छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों पायलट तालाब में गिर गए और वहां दलदल में फंस गए थे। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। थोड़ी ही देर में सेना का एक हेलिकॉप्टर भी घटनास्थल पर पहुंच गया। हालांकि, जिस तालाब में विमान गिरा है, वहां चारों ओर घनी जलकुंभी फैली हुई है, जिस कारण रेस्क्यू टीम को एयरक्राफ्ट तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।


स्कूल में मचा हड़कंप, बच्चों को घर ले गए परिजन
हादसे के बाद केपी कॉलेज और आसपास के स्कूलों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की जानकारी मिलते ही छात्र-छात्राओं के परिजन कॉलेज पहुंच गए और अपने बच्चों को घर ले जाने लगे। केपी कॉलेज की एक शिक्षिका ने बताया कि हादसा करीब 12 बजे हुआ, उस वक्त शिक्षक और बच्चे सब कुछ अपनी आंखों के सामने होते देख रहे थे। उन्होंने बताया कि एयरक्राफ्ट में सवार लोगों को बाहर निकाले जाने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। वायुसेना की ओर से भी हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *