गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मू ने फहराया तिरंगा, 21 तोपों की सलामी, शुभांशु शुक्ला अशोक चक्र से सम्मानित

top-news
77वें गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर भव्य परेड का आयोजन हुआ। राष्ट्रपति ने ध्वज फहराया, सैन्य शक्ति, आत्मनिर्भर भारत और सांस्कृतिक विविधता की झलक दिखी।

देश आज अपना 77वां गणतंत्र दिवस गर्व और उत्साह के साथ मना रहा है। राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान गूंजा और 21 तोपों की सलामी दी गई। गणतंत्र दिवस परेड में देश की सैन्य ताकत, आत्मनिर्भर भारत की झलक और लोकतांत्रिक मूल्यों का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला। इस अवसर पर ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र से सम्मानित किया गया। परेड के मुख्य अतिथि यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन रहे।


वंदे मातरम् थीम पर आधारित रही मुख्य परेड
करीब 90 मिनट तक चली गणतंत्र दिवस परेड की इस वर्ष की थीम ‘स्वतंत्रता का मंत्र—वंदे मातरम्, समृद्धि का मंत्र—आत्मनिर्भर भारत’ रखी गई। कर्तव्य पथ पर कुल 30 झांकियां निकाली गईं, जिनमें विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय मंत्रालयों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत, विकास और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया। परेड में मिक्स्ड स्काउट्स दल, राजपूत रेजिमेंट, असम रेजिमेंट, जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फैंट्री, सिख लाइट इन्फैंट्री, रेजिमेंट ऑफ आर्टिलरी और जॉइंट मिलिट्री बैंड ने अनुशासित मार्च पास्ट कर दर्शकों का दिल जीत लिया।


हिम योद्धा और अत्याधुनिक हथियारों का शानदार प्रदर्शन
परेड में भारतीय रक्षा बलों के ‘हिम योद्धा’ दल ने विशेष आकर्षण का केंद्र बने। इस एनिमल कंटिंजेंट में बैक्ट्रियन ऊंट, जांस्कर टट्टू, चील जैसे रैप्टर और भारतीय नस्ल के कुत्ते—मुधोल हाउंड, रामपुर हाउंड, चिप्पीपराई, कोम्बई और राजापलायम शामिल रहे। ये सभी बुलेट-प्रूफ जैकेट, GPS, कैमरे और एडवांस्ड सर्विलांस सिस्टम से लैस नजर आए। इसके साथ ही धनुष गन सिस्टम, अमोघ एडवांस्ड टोएड आर्टिलरी गन सिस्टम (ATAGS), आकाश मिसाइल सिस्टम, ब्रह्मोस और अर्जुन व T-90 भीष्म जैसे मुख्य युद्धक टैंकों ने भारत की सैन्य क्षमता का प्रदर्शन किया।


हेलिकॉप्टर फॉर्मेशन और वीरता पुरस्कार विजेताओं का सम्मान
हेलिकॉप्टर ध्रुव के जरिए प्रहार फॉर्मेशन का प्रदर्शन किया गया, जिसका नेतृत्व कर्नल विजय प्रताप ने किया। वहीं 129 हेलिकॉप्टर यूनिट के Mi-17 1V हेलिकॉप्टरों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए पुष्प वर्षा की। परेड में सर्वोच्च वीरता पुरस्कार विजेता भी शामिल हुए, जिनमें परमवीर चक्र और अशोक चक्र विजेता वीर जवानों को राष्ट्र ने नमन किया। राष्ट्रपति ने परेड की सलामी ली और इस ऐतिहासिक आयोजन के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और आत्मनिर्भरता का संदेश दुनिया को दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *