टी-20 वर्ल्ड कप में अब नहीं होगा भारत-पाकिस्तान का मैच, पाक सरकार ने किया एलान, आईसीसी बोला- विचार करे पीसीबी

top-news
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया है। ICC ने PCB से फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा है। इस फैसले से टूर्नामेंट की ग्रुप स्टेज समीकरण, व्यूअरशिप और ब्रॉडकास्ट कमाई पर बड़ा असर पड़ सकता है।

नोएडा। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला बहुप्रतीक्षित मुकाबला अब संकट में पड़ गया है। पाकिस्तान सरकार ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि उसकी टीम टूर्नामेंट में हिस्सा तो लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच नहीं खेलेगी। दोनों टीमों के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में मुकाबला होना था। इस फैसले के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से अपने रुख पर दोबारा विचार करने को कहा है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि आगे नॉकआउट चरण में अगर दोनों टीमें आमने-सामने आती हैं तो क्या पाकिस्तान तब भी मैच से दूरी बनाए रखेगा या नहीं।

ICC के फैसले के विरोध में पाकिस्तान का बड़ा कदम
दरअसल, ICC ने हाल ही में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल करने का फैसला लिया था, जिसका पाकिस्तान ने विरोध किया। इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने घोषणा की कि टीम टूर्नामेंट खेलेगी, लेकिन भारत के खिलाफ मैदान पर नहीं उतरेगी। सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बयान जारी कर इसकी पुष्टि की। दूसरी ओर ICC ने कहा है कि इस फैसले का असर वैश्विक क्रिकेट इकोसिस्टम पर पड़ सकता है और उम्मीद जताई कि PCB सभी पक्षों को ध्यान में रखकर अंतिम फैसला लेगा। इससे पहले PCB प्रमुख मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से भी इस मुद्दे पर चर्चा की थी, जिसके बाद सरकार ने आधिकारिक निर्णय लिया।

भारत को ग्रुप स्टेज में मिल सकता है सीधा फायदा
अगर पाकिस्तान अपने फैसले पर कायम रहता है तो भारत को इस मुकाबले के दो अंक सीधे मिल जाएंगे, जिससे सुपर-8 चरण में पहुंचने का रास्ता आसान हो जाएगा। ICC नियमों के अनुसार बॉयकॉट की स्थिति में पाकिस्तान के खाते में 20 ओवर में शून्य रन दर्ज होंगे, जिससे उसका नेट रन रेट भी प्रभावित हो सकता है। भारत की टीम तय कार्यक्रम के अनुसार श्रीलंका जाएगी और ICC प्रोटोकॉल का पालन करेगी। ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान अब नीदरलैंड, अमेरिका और नामीबिया से खेलेगा, जबकि भारत अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड से भिड़ेगा। ऐसे में ग्रुप की समीकरण पूरी तरह बदल सकती है।

ब्रॉडकास्ट और व्यूअरशिप पर भी पड़ेगा असर
भारत-पाकिस्तान मुकाबला हर वर्ल्ड कप का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला मैच होता है और कई बार इसकी व्यूअरशिप फाइनल से भी ज्यादा होती है। ऐसे में मैच न होने से सबसे ज्यादा नुकसान ब्रॉडकास्टर्स को उठाना पड़ सकता है, जिन्होंने पहले ही विज्ञापन स्लॉट बेच दिए हैं। हालांकि ICC को सीधा नुकसान नहीं होगा, क्योंकि मीडिया राइट्स पहले ही बेचे जा चुके हैं। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि एक भारत-पाक मैच पूरे टूर्नामेंट की कमाई का बड़ा हिस्सा तय करता है, इसलिए अब ICC और PCB के अगले कदम पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *