UPSC परीक्षा में बड़ा बदलाव, अब बार-बार परीक्षा देने पर प्रतिबंध, फटाफट जान लें अपने काम की खबर

top-news
UPSC ने सिविल सेवा परीक्षा के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब IAS, IPS या अन्य सेवाओं में चयनित उम्मीदवार बार-बार परीक्षा नहीं दे सकेंगे। आयोग का कहना है कि इससे चयन प्रक्रिया पारदर्शी होगी और नए अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा।

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा को लेकर बड़ा बदलाव करते हुए एक बार किसी सर्विस में चयनित उम्मीदवारों के लिए बार-बार परीक्षा देने के रास्ते लगभग बंद कर दिए हैं। अब जो उम्मीदवार IAS, IPS या IFS जैसी सेवाओं में चयनित होकर सेवा ज्वॉइन कर लेते हैं, वे पहले की तरह बार-बार परीक्षा देकर बेहतर रैंक या सेवा पाने की कोशिश नहीं कर सकेंगे। आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2026 के नोटिफिकेशन के साथ यह नया नियम लागू किया है। आयोग का कहना है कि इससे चयन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनेगी, साथ ही नए अभ्यर्थियों को भी मौका मिलेगा।


चयनित उम्मीदवारों को अब सीमित अवसर ही मिलेंगे
नए नियमों के मुताबिक जो उम्मीदवार पहले से किसी सिविल सेवा में चयनित हो चुके हैं, उन्हें केवल सीमित अवसर ही मिलेंगे। CSE-2025 या उससे पहले चयनित उम्मीदवार केवल एक बार CSE-2026 या CSE-2027 में आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें नौकरी से इस्तीफा देने की जरूरत नहीं होगी, लेकिन इसके बाद दोबारा परीक्षा में बैठने के लिए सेवा छोड़ना अनिवार्य होगा। आयोग ने यह भी साफ किया है कि यदि कोई उम्मीदवार प्रारंभिक परीक्षा पास करने के बाद IAS या IFS में चयनित हो जाता है, तो वह मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेगा। यानी एक बार सेवा का सदस्य बनने के बाद आगे के चरणों में मौका नहीं मिलेगा।


IPS समेत अन्य सेवाओं के लिए भी नियम सख्त किए गए
नए नियमों के तहत पहले से IPS में चयनित उम्मीदवार दोबारा IPS को विकल्प के रूप में नहीं चुन सकेंगे। साथ ही ट्रेनिंग से छूट भी केवल एक बार ही दी जाएगी। अगर चयनित उम्मीदवार तय समय पर ट्रेनिंग जॉइन नहीं करता, तो उसकी सेवा स्वतः रद्द हो सकती है। आयोग ने यह भी साफ किया है कि यदि कोई उम्मीदवार दो परीक्षाओं के जरिए चयनित होता है, तो उसे केवल एक सेवा चुनने की अनुमति होगी और दूसरी नियुक्ति स्वतः निरस्त मानी जाएगी। इसका मकसद एक ही उम्मीदवार द्वारा बार-बार सीट रोकने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना बताया जा रहा है। इससे चयन प्रक्रिया तेज और पारदर्शी होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *