AI इंपैक्ट समिट में हंगामा, यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु गिरफ्तार, 20 घंटे हुई पूछताछ, अब तक 8 पर एक्शन

top-news
दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन मामले में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार किया गया है। अब तक आठ गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुलिस जांच जारी है, जबकि यूथ कांग्रेस ने प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बताया है।

दिल्ली में इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को एआई इम्पैक्ट समिट हंगामा मामले में सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। 23 फरवरी को दिल्ली पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था, जो करीब 20 घंटे तक चली। इसी मामले में मध्य प्रदेश के ग्वालियर से भी तीन कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया गया है। घटना वाले दिन चार आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी और अब तक कुल आठ गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


समिट में विरोध, देश विरोधी बताने पर विवाद

20 फरवरी को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के 11 कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने शर्ट उतारकर नारे लगाए और प्रधानमंत्री की तस्वीर वाली टी-शर्ट लहराई। इस दौरान हॉल के भीतर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था और क्यूआर कोड स्कैन कर प्रवेश लिया। बाद में जैकेट हटाकर नारेबाजी की गई। अधिकारियों ने यह भी बताया कि कुछ कार्यकर्ताओं पर पुलिस के साथ धक्का-मुक्की का आरोप है।


यूथ कांग्रेस का दावा, शांतिपूर्ण था प्रदर्शन

यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव शेष नारायण ओझा ने कहा कि उनका विरोध शांतिपूर्ण था और उसे देश विरोधी बताना गलत है। उनका आरोप है कि सरकार हर असहमति की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। वहीं भाजपा ने इस घटना के विरोध में कई राज्यों में प्रदर्शन किया। पुलिस ने एक आरोपी कृष्ण हरि की कार से प्रधानमंत्री की तस्वीर वाली टी-शर्ट और पोस्टर बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार मामले में सभी पहलुओं की जांच जारी है, जिसमें सामग्री कहां तैयार की गई और योजना कैसे बनी, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *