ईरान-इजराइल जंग का असर, भारत में जेट फ्यूल महंगा होने से फ्लाइट्स का किराया हुआ महंगा, घरेलू और इंटरनेशनल उड़ानों पर 2 हजार रुपये तक लगा सरचार्ज
- Shiv Kumar
- 14 Mar, 2026
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने यात्रियों को बड़ा झटका देते हुए घरेलू और इंटरनेशनल फ्लाइट टिकटों पर फ्यूल सरचार्ज लगाने का ऐलान किया है। कंपनी के मुताबिक बढ़ती जेट फ्यूल कीमतों के कारण यह फैसला लिया गया है। नई दरें 14 मार्च की रात 12 बजे से लागू होंगी। इसके तहत यात्रियों को अब टिकट के साथ अतिरिक्त ₹425 से लेकर ₹2300 तक का फ्यूल सरचार्ज देना पड़ेगा। कंपनी ने बताया कि ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच चल रहे तनाव और जंग के कारण जेट फ्यूल की कीमतों में तेज उछाल आया है, जिससे एयरलाइंस की लागत काफी बढ़ गई है। इसी बढ़ती लागत को संतुलित करने के लिए यह अतिरिक्त चार्ज लगाया जा रहा है।
दूरी के हिसाब से तय होगा अतिरिक्त चार्ज
इंडिगो ने कहा है कि यात्रियों पर ज्यादा बोझ न पड़े, इसलिए फ्यूल सरचार्ज को अलग-अलग दूरी के हिसाब से तय किया गया है। छोटी दूरी की फ्लाइट्स पर कम और लंबी दूरी की उड़ानों पर ज्यादा सरचार्ज लगाया जाएगा। कंपनी के अनुसार जेट फ्यूल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी के कारण एयरलाइंस के संचालन खर्च में काफी इजाफा हुआ है। ऐसे में किराए में बहुत बड़ी बढ़ोतरी करने की बजाय सीमित फ्यूल सरचार्ज लागू किया गया है। एयरलाइन ने यह भी कहा कि वह मौजूदा हालात पर लगातार नजर बनाए रखेगी और जरूरत पड़ने पर इस सरचार्ज में बदलाव भी किया जा सकता है।
एअर इंडिया ने भी बढ़ाए टिकट के दाम
इंडिगो से पहले एअर इंडिया भी टिकट के दाम बढ़ा चुकी है। कंपनी ने 12 मार्च से घरेलू फ्लाइट टिकटों पर ₹399 का फ्यूल सरचार्ज लागू किया है। वहीं इंटरनेशनल फ्लाइट्स के किराए में करीब 15% तक बढ़ोतरी की गई है। एयरलाइंस का कहना है कि जेट फ्यूल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से संचालन लागत बढ़ गई है। यही वजह है कि कंपनियां किराए में बढ़ोतरी करने को मजबूर हो रही हैं। बढ़ती लागत का असर धीरे-धीरे यात्रियों की जेब पर भी पड़ रहा है।
तेल की कीमतें बढ़ने से एयरलाइंस पर दबाव
विशेषज्ञों के अनुसार एयरलाइंस के कुल संचालन खर्च में जेट फ्यूल की हिस्सेदारी लगभग 30% से 40% तक होती है। ईरान-इजरायल संघर्ष और होर्मुज रूट पर असर पड़ने के कारण वैश्विक तेल सप्लाई प्रभावित हुई है। इसी वजह से क्रूड ऑयल की कीमतें भी तेजी से बढ़ रही हैं। ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत करीब 101 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है और हाल ही में यह 120 डॉलर प्रति बैरल तक भी गई थी। कई देशों में जेट फ्यूल की कीमतें भी लगभग दोगुनी हो चुकी हैं। बढ़ती लागत के कारण दुनिया की कई एयरलाइंस ने टिकट के दाम बढ़ा दिए हैं और कुछ कंपनियां अपने विमानों को अस्थायी रूप से ग्राउंड करने पर भी विचार कर रही हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






