BREAKING: 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव की घोषणा, इलेक्शन कमीशन ने जारी की चुनावी तिथियां, जानें कब कहां होगी वोटिंग और काउंटिंग
- Shiv Kumar
- 15 Mar, 2026
चुनाव आयोग ने रविवार को असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। आयोग के मुताबिक पांचों राज्यों में अलग-अलग चरणों में मतदान कराया जाएगा। केरल, असम और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा, जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। सभी पांचों राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही इन राज्यों में आचार संहिता लागू हो गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि इन पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में कुल 17.4 करोड़ मतदाता हैं और 824 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे।
मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर नाम हटे
चुनाव आयोग ने बताया कि चुनाव से पहले मतदाता सूची में विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान कई राज्यों में बड़ी संख्या में नाम हटाए गए हैं। आयोग के अनुसार तमिलनाडु में सबसे ज्यादा मतदाताओं के नाम सूची से हटे हैं। 27 अक्टूबर 2025 को शुरू हुई प्रक्रिया के समय राज्य में 6,41,14,587 मतदाता थे, जिनमें से करीब 74,07,207 नाम हटाए गए। इसके बाद अब राज्य में कुल 5,67,07,380 मतदाता पंजीकृत हैं। पश्चिम बंगाल में करीब 58 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटे हैं। इसके अलावा केरल में करीब 8 लाख, असम में 2 लाख और पुडुचेरी में लगभग 77 हजार मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। असम में विशेष पुनरीक्षण कराया गया था।
राज्यों में अलग-अलग राजनीतिक समीकरण
पश्चिम बंगाल में पिछले 14 साल से ममता बनर्जी मुख्यमंत्री हैं और इस बार भी उनकी पार्टी के सामने भाजपा मुख्य चुनौती के रूप में देखी जा रही है। अगर टीएमसी चुनाव जीतती है तो ममता बनर्जी लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री बन सकती हैं। तमिलनाडु में 1967 के बाद से राज्य की राजनीति मुख्य रूप से दो क्षेत्रीय दलों के बीच रही है और फिलहाल एमके स्टालिन के नेतृत्व में डीएमके की सरकार है। केरल देश का एकमात्र राज्य है जहां वाम मोर्चा सत्ता में है और यहां परंपरागत रूप से सत्ता बदलती रही है। असम में पिछले दस साल से भाजपा की सरकार है और पार्टी तीसरी बार सत्ता में लौटने की कोशिश कर रही है। वहीं पुडुचेरी में फिलहाल एआईएनआरसी और भाजपा गठबंधन की सरकार है।
चुनाव में पारदर्शिता और सुरक्षा पर जोर
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग मतदान प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए कई कदम उठा रहा है। इस बार सभी मतदान केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा मतदान केंद्रों के बाहर ही मोबाइल फोन जमा कराने की व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की राजनीतिक हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अगर ऐसी घटनाएं सामने आती हैं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। आयोग का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना उसकी प्राथमिकता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






