देश की जनता को बड़ा झटका, महंगा हुआ पेट्रोल और डीजल, प्रीमियम पेट्रोल लेने वालों की जेब पर पड़ेगा असर, जानें कितनी हुई बढ़ोतरी

top-news
देशभर में प्रीमियम पेट्रोल के दाम 2.35 रुपये तक बढ़ गए हैं। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण यह फैसला लिया गया है, जबकि आम पेट्रोल-डीजल की कीमतें फिलहाल स्थिर रखी गई हैं।

देशभर में आज यानी 20 मार्च को प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। सरकारी तेल कंपनियों ने स्पीड, पावर और XP95 जैसे प्रीमियम पेट्रोल के दाम 2.09 से 2.35 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दिए हैं। Bharat Petroleum, Hindustan Petroleum और Indian Oil Corporation द्वारा बेचे जाने वाले ये फ्यूल अब और महंगे हो गए हैं। भोपाल जैसे शहरों में इसकी कीमत करीब 117 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है, हालांकि आम पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।


कच्चे तेल की कीमतों में उछाल बना बड़ी वजह
प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में यह बढ़ोतरी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के महंगे होने की वजह से की गई है। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के चलते क्रूड ऑयल के दाम 100 डॉलर प्रति बैरल के पार बने हुए हैं। भारत के लिए इंडियन बास्केट की कीमत भी तेजी से बढ़कर करीब 146 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है। ऐसे में तेल कंपनियों पर लागत का दबाव बढ़ा, जिसे प्रीमियम फ्यूल की कीमतों में इजाफे के जरिए संतुलित किया गया है।


प्रीमियम पेट्रोल ही क्यों हुआ महंगा?
प्रीमियम पेट्रोल में सामान्य पेट्रोल के मुकाबले ज्यादा ऑक्टेन और खास एडिटिव्स मिलाए जाते हैं, जिससे इंजन की परफॉर्मेंस बेहतर होती है। यह फ्यूल पहले से ही 10-12 रुपये महंगा होता है। चूंकि इसकी कीमतें बाजार आधारित होती हैं, इसलिए कंपनियां इसमें बदलाव करने के लिए स्वतंत्र होती हैं। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि कंपनियों के मार्जिन पर दबाव था, इसलिए उन्होंने प्रीमियम सेगमेंट में कीमतें बढ़ाई हैं।


किन लोगों पर पड़ेगा ज्यादा असर?
इस बढ़ोतरी का सीधा असर उन लोगों पर पड़ेगा जो लग्जरी कार या हाई-परफॉर्मेंस बाइक इस्तेमाल करते हैं। बड़े शहरों में प्रीमियम पेट्रोल की कीमतें अब रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंच सकती हैं। हालांकि आम लोगों के लिए राहत की बात यह है कि बेस फ्यूल यानी सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। अगर आने वाले दिनों में कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी रहती हैं, तो सामान्य पेट्रोल-डीजल के दाम भी बढ़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *