अब ऑनलाइन खाना मंगवाना हुआ महंगा, Zomato ने बढ़ा दी प्लेटफॉर्म फीस, जानें कितनी हुई बढ़ोतरी
- Shiv Kumar
- 20 Mar, 2026
ज़ोमैटोने एक बार फिर अपने ग्राहकों को झटका दिया है। कंपनी ने हर ऑर्डर पर लगने वाली ‘प्लेटफॉर्म फीस’ ₹12.50 से बढ़ाकर ₹14.90 कर दी है। यानी अब हर बार खाना ऑर्डर करने पर ग्राहकों को ₹2.40 ज्यादा चुकाने होंगे। खास बात यह है कि यह कीमत अभी प्री-जीएसटी है, यानी टैक्स जुड़ने के बाद ग्राहकों की जेब पर और ज्यादा असर पड़ेगा। कुछ ही महीनों के अंदर यह दूसरी बार है जब कंपनी ने प्लेटफॉर्म शुल्क बढ़ाया है।
करीब 19% की बढ़ोतरी, यूजर्स पर सीधा असर
इस बढ़ोतरी के साथ प्लेटफॉर्म फीस में लगभग 19.2% का इजाफा हुआ है। प्लेटफॉर्म फीस वह चार्ज होता है जो कंपनी ऐप के रखरखाव और सेवाओं को जारी रखने के लिए लेती है। यह फीस खाने की कीमत, जीएसटी और डिलीवरी चार्ज से अलग होती है। यानी कुल बिल में अब एक और अतिरिक्त बोझ जुड़ गया है, जिससे छोटे ऑर्डर करने वाले ग्राहकों को ज्यादा असर महसूस होगा।
Swiggy भी पीछे नहीं
Swiggy भी इस मामले में पीछे नहीं है। फिलहाल स्विगी टैक्स सहित करीब ₹14.99 प्लेटफॉर्म फीस ले रहा है। आमतौर पर देखा गया है कि दोनों कंपनियां एक-दूसरे के हिसाब से अपने चार्ज तय करती हैं, जिससे ग्राहकों के पास ज्यादा विकल्प नहीं बचता।
₹2.40 की बढ़ोतरी, कंपनी के लिए करोड़ों का फायदा
यह मामूली लगने वाली बढ़ोतरी कंपनी के लिए बड़ी कमाई साबित हो रही है। अगर रोजाना 20–25 लाख ऑर्डर मानें, तो ₹2.40 अतिरिक्त लेने से कंपनी को हर दिन करीब ₹40–50 लाख की अतिरिक्त कमाई हो रही है। महीने में यह आंकड़ा ₹12–15 करोड़ तक पहुंच सकता है और सालभर में ₹150 करोड़ के आसपास जा सकता है।
ऑनलाइन खाना बनता जा रहा महंगा सौदा
लगातार बढ़ती फीस से अब घर बैठे खाना मंगाना पहले जैसा सस्ता नहीं रहा। एक तरफ रेस्टोरेंट्स के दाम बढ़ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ ये अतिरिक्त चार्जेस ग्राहकों के बजट पर असर डाल रहे हैं। खासकर जो लोग नियमित रूप से ऑनलाइन खाना ऑर्डर करते हैं, उनके लिए यह खर्च अब काफी बढ़ता जा रहा है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






