CBSE 10वीं सेशन-1 का रिजल्ट जारी, ऐसे चेक करें अपना परीक्षा परिणाम, फटाफट जान लें तरीका
- Shiv Kumar
- 15 Apr, 2026
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं सेशन-1 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस साल करीब 25 लाख से ज्यादा छात्र इस परीक्षा में शामिल हुए थे, जो अब अपना रिजल्ट ऑनलाइन देख सकते हैं। छात्र ऑफिशियल वेबसाइट और उमंग एप के जरिए आसानी से अपनी मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं। रिजल्ट जारी होने के बाद छात्रों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल है।
ऑनलाइन ऐसे चेक करें रिजल्ट
छात्र results.cbse.nic.in, cbse.gov.in, results.nic.in, results.digilocker.gov.in और उमंग एप के जरिए अपना रिजल्ट देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने रोल नंबर की जरूरत होगी। उमंग एप पर रिजल्ट देखने के लिए पहले ऐप डाउनलोड करना होगा, फिर रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। इसके बाद CBSE 10वीं रिजल्ट 2026 के लिंक पर क्लिक कर रोल नंबर डालें, और रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा। छात्र अपनी डिजिटल मार्कशीट भी डाउनलोड कर सकते हैं।
पास होने के लिए जरूरी है 33% अंक
CBSE 10वीं सेशन-1 परीक्षा में पास होने के लिए छात्रों को थ्योरी और इंटरनल असेसमेंट दोनों में कम से कम 33% अंक लाना अनिवार्य है। इस साल परीक्षा देशभर के 8 हजार से ज्यादा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। खास बात यह है कि बोर्ड ने इस बार भी मेरिट लिस्ट या टॉपर की घोषणा नहीं की है और स्कूलों को भी किसी छात्र को टॉपर घोषित करने से मना किया गया है।
सेशन-2 में मिलेगा सुधार का मौका
CBSE ने इस बार टू-बोर्ड सिस्टम लागू किया है। सेशन-1 की परीक्षा 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक हुई थी, जबकि सेशन-2 की परीक्षा 15 मई से 1 जून 2026 तक होगी। जो छात्र अपने अंकों में सुधार करना चाहते हैं, वे अधिकतम 3 विषयों में दोबारा परीक्षा दे सकते हैं। वहीं, 2 विषयों में फेल छात्र कंपार्टमेंट परीक्षा दे सकते हैं, जबकि 3 या उससे अधिक विषयों में फेल होने वाले छात्रों को अगली मुख्य परीक्षा का इंतजार करना होगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






