राजस्थान में हिंदुस्तान पेट्रोलियम की रिफाइनरी में आग, पीएम मोदी आज करने वाले थे उद्घाटन, उच्चस्तरीय जांच के आदेश
- Shiv Kumar
- 21 Apr, 2026
राजस्थान के बाड़मेर जिले के बालोतरा (पचपदरा) स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की रिफाइनरी में 20 अप्रैल दोपहर करीब 2 बजे आग लगने से हड़कंप मच गया। खास बात यह है कि इस रिफाइनरी का उद्घाटन नरेंद्र मोदी मंगलवार को करने वाले थे, लेकिन हादसे के बाद उनका दौरा स्थगित कर दिया गया। आग क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) में लगी, जो रिफाइनरी की सबसे अहम यूनिट मानी जाती है।
उद्घाटन से पहले हादसा, सेफ्टी पर उठे सवाल
यह घटना ऐसे समय हुई जब रिफाइनरी का ट्रायल रन पूरा बताया जा रहा था। विशेषज्ञों के मुताबिक, जिस यूनिट में आग लगी, वही क्रूड ऑयल को प्रोसेस कर पेट्रोल-डीजल जैसे उत्पादों में बदलने का मुख्य केंद्र होती है। ऐसे में इस हादसे ने न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि पूरे प्रोजेक्ट की टाइमलाइन पर भी असर डाल दिया है। बताया जा रहा है कि अब रिपेयरिंग और डैमेज असेसमेंट में 1 से 6 महीने तक का समय लग सकता है।
13 साल में लागत दोगुनी, अब और बढ़ेगा नुकसान
इस रिफाइनरी प्रोजेक्ट की शुरुआत 2013 में हुई थी, जब सोनिया गांधी ने इसका शिलान्यास किया था। उस समय इसकी लागत करीब 37,230 करोड़ रुपए थी, जो अब बढ़कर 79,459 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है। बीच में सरकारें बदलने, री-नेगोशिएशन, पर्यावरण मंजूरी और कोविड जैसी वजहों से प्रोजेक्ट में लगातार देरी होती रही। अब इस आग ने आर्थिक नुकसान का खतरा और बढ़ा दिया है।
हर महीने हजारों करोड़ का संभावित नुकसान
विशेषज्ञों के अनुसार, रिफाइनरी की क्षमता 9 MMTPA है और अगर जुलाई 2026 से इसका संचालन शुरू होता, तो हर महीने 50 हजार से 80 हजार करोड़ रुपए तक का राजस्व संभव था। लेकिन अब हर महीने की देरी सीधे बड़े आर्थिक नुकसान में तब्दील होगी। हालांकि, ऐसी बड़ी परियोजनाओं में उपकरणों का बीमा और सप्लायर गारंटी होती है, फिर भी रिप्लेसमेंट और दोबारा इंस्टॉलेशन में समय लगना तय है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






