पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी की रैली से पहले बवाल! बीजेपी व टीएमसी के समर्थकों में झड़प, CISF जवान को लगी गोली, 3 घायल
- Shiv Kumar
- 27 Apr, 2026
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के जगदल में प्रधानमंत्री Narendra Modi की रैली से पहले माहौल तनावपूर्ण हो गया। रविवार देर रात बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार झड़प हो गई। इस दौरान पत्थरबाजी, फायरिंग और देशी बम फेंके जाने की खबर है। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जबकि एक सीआईएसएफ जवान के पैर में गोली लगने का दावा किया गया है। रैली जलेबी माठ मैदान में प्रस्तावित है, जहां सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी कर दी गई है।
पोस्टर-झंडे हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि रैली से पहले लगाए गए पोस्टर और झंडे फाड़ दिए गए थे। इसी शिकायत को लेकर जब कार्यकर्ता थाने पहुंचे तो वहां टीएमसी समर्थक भी पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई और फिर मामला हिंसक झड़प में बदल गया। खबरों के मुताबिक, भाटपाड़ा सीट से भाजपा उम्मीदवार पवन कुमार सिंह के घर पर भी बम फेंका गया। वहीं टीएमसी उम्मीदवार अमित गुप्ता ने आरोप लगाया कि उनके कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया और पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की गई।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज
भाजपा का कहना है कि घटना के दौरान पुलिस मौके से हट गई थी, जिसके बाद टीएमसी समर्थकों ने हमला किया। वहीं टीएमसी का आरोप है कि भाजपा नेता अर्जुन सिंह अपने सुरक्षा कर्मियों के साथ थाने पहुंचे और वहीं पर मारपीट की। दोनों ही पार्टियों ने इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग से करने की बात कही है। राज्य में चुनाव प्रचार का आखिरी दिन होने के चलते राजनीतिक तनाव चरम पर है और 29 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान होना है।
बड़े नेताओं के कार्यक्रम से बढ़ी हलचल
राज्य में आज केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah के दो रोड शो प्रस्तावित हैं। वहीं मुख्यमंत्री Mamata Banerjee भी जादवपुर और टॉलीगंज में जनसभाएं करेंगी। इस बीच सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट पर हैं। गृह मंत्रालय के निर्देश पर National Investigation Agency ने देशी बम बरामदगी के एक मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है। हाल ही में कोलकाता से बड़ी संख्या में बम बरामद किए गए थे, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






