नोएडा में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां शुरू, बायोडायवर्सिटी पार्क सहित 17 स्थानों पर घाट बनाने का काम जारी
- Shiv Kumar
- 11 Nov, 2026
नोएडा में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। नोएडा प्राधिकरण के क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 17 स्थानों पर छठ पूजा घाट तैयार किए जा रहे हैं। सेक्टर-75 के सेंट्रल पार्क और सेक्टर-22 में घाटों के पुनर्निर्माण का काम पूरा हो चुका है। वहीं, सेक्टर-91 के बायोडायवर्सिटी पार्क में पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं के लिए विशेष छठ घाट बनाया जा रहा है। विभिन्न पूजा समितियों ने महापर्व की तैयारियों को लेकर बैठकें शुरू कर दी हैं। घाटों पर पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण और भंडारे की व्यवस्था भी की जाएगी। श्री सूर्यदेव पूजा समिति के पदाधिकारियों ने आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिम्मेदारियां तय करने पर चर्चा की है। छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके लिए शहर के अलग-अलग सेक्टरों, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर घाट तैयार किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के लिए दूर न जाना पड़े।
सेक्टर-91 में पांच हजार श्रद्धालुओं के लिए घाट
सेक्टर-91 स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में पूर्वांचल सांस्कृतिक समिति की ओर से छठ पूजा घाट तैयार कराया जा रहा है। यहां आसपास की सोसायटियों से पांच हजार से अधिक श्रद्धालु पूजा करने पहुंचते हैं। घाट पर व्रती महिलाएं और पुरुष पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं, सेक्टर-22 में छठ पूजा घाट का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। छठ पूजा सहयोग समिति के अध्यक्ष एसएन सिंह चौहान ने बताया कि घाट श्रद्धालुओं के लिए तैयार है। सेक्टर-75 के सेंट्रल पार्क में भी श्री सूर्यदेव पूजा समिति की ओर से घाट का पुनर्निर्माण कराया गया है। पूजा समितियों के पदाधिकारी आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।
श्रद्धालुओं को मिलेगा प्रसाद और भंडारा
श्री सूर्यदेव पूजा समिति के अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने पदाधिकारियों के साथ बैठक कर महापर्व की व्यवस्थाओं पर चर्चा की। बैठक में निर्णय लिया गया कि घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं को छठी मैया का फल प्रसाद वितरित किया जाएगा। इसके साथ ही भंडारे की व्यवस्था भी रहेगी। समिति के संयोजक ओपी तिवारी, डॉ. शशांक शेखर, राजीव त्यागी, प्रभात कुमार, ब्रजेश शर्मा, कैप्टन राकेश कुमार, ज्ञानेश मिश्रा और विनोद पटेल ने छठ महापर्व को भारतीय संस्कृति, लोक आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक बताया। समिति पदाधिकारियों का कहना है कि आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी सदस्य मिलकर तैयारियां कर रहे हैं।
नहाय-खाय से शुरू होगा चार दिवसीय पर्व
छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होगी। इस दिन व्रती सुबह स्नान करने के बाद घर और पूजा स्थल की विशेष साफ-सफाई करेंगे। शुद्धता के साथ कद्दू-भात सहित सात्विक भोजन तैयार किया जाएगा। भगवान सूर्यदेव को भोग अर्पित करने के बाद व्रती और परिवार के अन्य सदस्य प्रसाद ग्रहण करेंगे। दूसरे दिन खरना होगा, जिसमें व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को पूजा करेंगे। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा। इसके अगले दिन श्रद्धालु घाटों पर पहुंचकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देंगे। अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ महापर्व का समापन होगा।
इन सेक्टरों में भी तैयार होंगे छठ घाट
नोएडा प्राधिकरण ने शहर के अलग-अलग सर्किलों में घाटों के लिए स्थान चिह्नित किए हैं। इनमें सेक्टर-2 में स्टेट बैंक के पीछे पार्क, सेक्टर-56 के जी ब्लॉक पार्क, सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम के रामलीला मैदान, सेक्टर-43 में गोदरेज भूखंड के पास और सेक्टर-45 में एनआरआई भूखंड के नजदीक स्थान शामिल हैं। इसके अलावा सेक्टर-47 में सी-209ए के पास, बरौला गांव में छोटे नाले के नजदीक हेमंत का घेर और होशियारपुर गांव के डी प्लॉट पार्क में भी घाट बनाने की तैयारी है। सेक्टर-62 के वाणिज्यिक भूखंड, सेक्टर-63ए के स्कूल भूखंड, सेक्टर-71 में पेट्रोल पंप के पास, सेक्टर-116 और 120 की मास्टर ग्रीन बेल्ट तथा सेक्टर-122 के सामुदायिक केंद्र के सामने भी घाटों के लिए जगह चिह्नित की गई है। इसी तरह सेक्टर-110 के सामुदायिक केंद्र के सामने, सेक्टर-105 में पेट्रोल पंप के पास वाणिज्यिक भूखंड और सेक्टर-135 में एक्सप्रेसवे के समानांतर 45 मीटर चौड़ी सड़क के किनारे भी छठ पूजा की तैयारियां की जा रही हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






