Breaking News

ग्रेटर नोएडा के स्कूल में रस्सी से गिरकर छठी कक्षा का छात्र घायल, दोनों हाथों में फ्रैक्चर, स्कूल पर उठे सवाल

top-news
ग्रेटर नोएडा के मूंजखेड़ा गांव स्थित निजी स्कूल में रस्सी से गिरकर 11 वर्षीय छात्र घायल हो गया। उसके दोनों हाथों में फ्रैक्चर हुआ है। परिजनों ने स्कूल स्टाफ पर जबरदस्ती प्रतियोगिता में शामिल करने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की।

ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के मूंजखेड़ा गांव स्थित एक निजी स्कूल में छात्र की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल स्टाफ ने कक्षा छह में पढ़ने वाले 11 वर्षीय छात्र को डराकर रस्सी के सहारे एक तरफ से दूसरी तरफ जाने के लिए मजबूर किया। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से छात्र नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके दोनों हाथों में फ्रैक्चर हो गया है, जबकि मुंह और नाक पर भी चोट आई है। परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने हादसे के बाद छात्र के उपचार की व्यवस्था भी नहीं कराई। परिवार के लोगों ने घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मंगलवार शाम करीब चार बजे पीड़ित पक्ष ने दनकौर कोतवाली पहुंचकर स्कूल स्टाफ के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।


बिना प्रशिक्षण के प्रतियोगिता कराने का आरोप

बल्लूखेड़ा गांव निवासी अधिवक्ता सूरज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका 11 वर्षीय भतीजा हर्षित मूंजखेड़ा गांव स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा छह में पढ़ता है। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे स्कूल में रस्सी के सहारे एक तरफ से दूसरी तरफ जाने की प्रतियोगिता आयोजित की जा रही थी। आरोप है कि स्कूल स्टाफ ने बिना किसी प्रशिक्षण और प्रशिक्षित शिक्षक की निगरानी के छात्र को प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए कहा। छात्र ने रस्सी पर लटकने से मना किया तो उसे डराकर ऐसा करने के लिए मजबूर किया गया।


संतुलन बिगड़ने से नीचे गिरा छात्र

परिजनों के मुताबिक, रस्सी के सहारे दूसरी तरफ जाते समय छात्र का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। हादसे में छात्र के दोनों हाथों में फ्रैक्चर हो गया। इसके अलावा उसके मुंह और नाक पर भी चोट आई है। परिजनों का आरोप है कि प्रतियोगिता के दौरान छात्रों की सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा गया। हादसे के बाद भी स्कूल प्रबंधन की ओर से घायल छात्र के इलाज की व्यवस्था नहीं कराई गई। परिवार के लोगों ने छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।


परिजनों की शिकायत पर जांच करेगी पुलिस

घटना से नाराज परिजन मंगलवार शाम करीब चार बजे दनकौर कोतवाली पहुंचे और स्कूल स्टाफ के खिलाफ लिखित शिकायत दी। पीड़ित पक्ष ने स्कूल में प्रतियोगिता के आयोजन के दौरान लापरवाही बरतने और छात्र को जबरदस्ती उसमें शामिल करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि परिजनों से प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। फिलहाल, मामले में स्कूल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *