Breaking News

ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण रोकने के लिए 11 हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी, 36 निर्माणकर्ताओं को नोटिस, 48.10 लाख का जुर्माना

top-news
ग्रेटर नोएडा में वायु प्रदूषण रोकने के लिए प्राधिकरण ने 11 हॉटस्पॉट पर निगरानी बढ़ाई है। चार वरिष्ठ प्रबंधकों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों की अनदेखी पर 36 निर्माणकर्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। 48.10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अपनी मुहिम तेज कर दी है। शहर में चिह्नित 11 प्रदूषण हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर चार वरिष्ठ प्रबंधकों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इन्हें अपने निर्धारित क्षेत्रों में प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। शहर में धूल पर नियंत्रण के लिए 107 वाटर टैंकर, 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें और 32 एंटी स्मॉग गन का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके साथ ही निर्माणाधीन परियोजनाओं पर भी सख्ती बढ़ा दी गई है। प्रदूषण नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करने पर प्राधिकरण ने 36 निर्माणकर्ताओं को नोटिस जारी किए हैं, जबकि नियमों के उल्लंघन पर कुल 48.10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। प्राधिकरण ने शहरवासियों से भी प्रदूषण नियंत्रण की मुहिम में सहयोग करने की अपील की है।


चार वरिष्ठ प्रबंधकों को बनाया नोडल अधिकारी

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए चार वरिष्ठ प्रबंधकों को नोडल अधिकारी नामित किया है। इन अधिकारियों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में प्रदूषण नियंत्रण के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू कराने और उनकी नियमित निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा शहर में प्रदूषण के लिहाज से चिह्नित 11 हॉटस्पॉट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्राधिकरण का प्रयास है कि सड़कों से उड़ने वाली धूल और अन्य प्रदूषणकारी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाए। सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने अधिकारियों को प्रदूषण नियंत्रण संबंधी कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


32 नई एंटी स्मॉग गन का संचालन

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से शहर में धूल की समस्या को कम करने के लिए विभिन्न स्थानों पर 32 नई एंटी स्मॉग गन का संचालन कराया जा रहा है। इनके माध्यम से सड़कों के किनारे और पेड़ों पर जमी धूल को हटाने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जा रहा है। इसके अलावा 107 वाटर टैंकरों के माध्यम से पानी का छिड़काव और 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की सफाई कराई जा रही है। प्राधिकरण का उद्देश्य सड़कों और खुले स्थानों से उड़ने वाली धूल को नियंत्रित कर शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार लाना है।


36 निर्माणकर्ताओं को नोटिस, 48.10 लाख का जुर्माना

प्राधिकरण ने ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं और अन्य निर्माण स्थलों पर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए सख्ती बढ़ा दी है। निर्माणकर्ताओं को निर्माण सामग्री ढककर रखने, धूल नियंत्रण के उपाय करने, निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले मलबे का उचित निस्तारण करने और आवश्यकता के अनुसार पानी का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए हैं। दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करने पर 36 निर्माणकर्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। इसके साथ ही प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों और निर्धारित प्रावधानों के उल्लंघन पर कुल 48.10 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।


शहरवासियों से सहयोग करने की अपील

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के उप महाप्रबंधक विजय रावल ने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य धूल और अन्य प्रदूषणकारी कारकों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर नागरिकों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने ग्रेटर नोएडा के निवासियों से शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त बनाने की मुहिम में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग कूड़े को इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित डस्टबिन में ही डालें। खुले में कूड़ा जलाने से बचें। इसके अलावा यदि किसी स्थान पर धूल उड़ती दिखाई देती है तो इसकी सूचना प्राधिकरण को दें, ताकि प्रदूषण नियंत्रण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *