Noida में 19 अप्रैल को सब्जी लेने गई किशोरी लापता, पिता की शिकायत पर केस दर्ज, खोजबीन में जुटी पुलिस
नोएडा के थाना फेज-तीन क्षेत्र के सेक्टर-71 में एक किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि किशोरी एक सप्ताह पूर्व घर से सब्जी लेने निकली थी.
- Rishabh Chhabra
- 25 Apr, 2025
नोएडा के थाना फेज-तीन क्षेत्र के सेक्टर-71 में एक किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि किशोरी एक सप्ताह पूर्व घर से सब्जी लेने निकली थी. उसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी. वहीं लापता किशोरी की उम्र 16 वर्ष बताई जा रही है जो कि कक्षा 10 की छात्रा है.
मिली जानकारी के अनुसार लापता किशोरी अक्सर ही घर से बाहर सब्जी लेने के लिए जाया करती थी. 19 अप्रैल को भी शनि बाजार से सब्जी लेने के लिए किशोरी घर से निकली. काफी देर तक जब किशोरी घर नहीं लौटी, तो परिजनों को उसकी चिंता सताने लगी. परिजनों ने शनि बाजार पहुंचकर बेटी की खोजबीन की. आस-पास के लोगों से भी पूछताछ की लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी. चार दिन तक परिजन रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क करके बेटी की खोजबीन करते रहे लेकिन सभी ने उनके यहां बेटी के पहुंचने से इन्कार कर दिया.
एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी नाबालिग बेटी का जब कोई सुराग नहीं लगा तो परिवार को अनहोनी की चिंता सताने लगी. जिस पर पीड़ित पिता ने पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज करा दी. वहीं मामले को लेकर थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि किशोरी को खोजने के लिए दो टीम गठित कर दी गई हैं. जल्द से जल्द किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा.
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






