खाकी का रौब; नोएडा में कांस्टेबल ने शर्ट उतार कर लोगों को पीटा, ग्रेनो में महिला को बीच सड़क पर मारा थप्पड़

top-news
वीडियो वायरल होने के बाद दोनों सिपाहियों पर हुई कार्रवाई

Noida: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में खाकी वर्दी की रौब देखेने को मिला है। नोएडा में जहां एक कॉन्स्टेबल ने शर्ट उतारकर मारपीट की है। वहीं, ग्रेटर नोएडा में कांस्टेबल ने महिला के साथ बीच रोड पर मारपीट की। दोनों वारदातों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद दोनों सिपाहियों पर कार्रवाई हुई है।


पीआरबी पर तैनात सिपाही सस्पेंड

दरअसल, ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी द्वारा एक के साथ मारपीट की गई। पीआरबी पर तैनात पुलिसकर्मी ने बीच सड़क पर महिला को थप्पड़ मारे. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए पीआरबी पर तैनात सिपाही को सस्पेंड कर दिया है। 


ढाबे पर खाने के दौरान हुआ विवाद

वहीं, नोएडा में बख्तियारपुर के ढाबे में खाना खाने पहुंचे एक कॉन्स्टेबल की कुछ लोगों से विवाद के बाद मारपीट हो गई। बिना शर्ट के मारपीट करते पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, कांसटेबल सनी जब ढाबे पर खाने पहुंचा तो वहां कुछ लोग दुकान के पास बैठे थे। सनी ने उनसे पूछा तो विवाद शुरू हो गया। इस विवाद के 3 वीडियो सामने आए हैं, जिनमें एक वकील को पीटने की बात कही जा रही है। सेक्टर-126 में ही तैनात एक कॉन्स्टेबल ने अपने साथी को समझाने और रोकने का प्रयास किया तो उसके साथ भी धक्कामुक्की की। आरोप है कि कॉन्स्टेबल ने शराब पी रखी थी और नशे में उसने विवाद किया।


धौंस दिखाने के लिए उतारी शर्ट

वीडियो में सनी शर्टलेस होकर मारपीट कर रहा है। जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत में दूसरे पक्ष ने उससे पुलिस की वर्दी की धौंस दिखाने की बात कही तो उसने शर्ट उतार दी। इसके बाद वह शर्टलेस होकर मारपीट करने लगा। वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे से मारपीट करते दिख रहे हैं।  एडीसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि वीडियो के आधार पर पुलिस की तरफ से सेक्टर-126 थाने में पुलिसकर्मी समेत अन्य पर केस दर्ज कराया गया है। कांस्टेबल सनी कुमार को सस्पेंड कर विभागीय जांच की जा रही है। साथ ही विवाद में शामिल अरविंद, मनीष और सोनू को पकड़ा गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *