Noida में दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, घटना के बाद से स्थानीय लोगों में आक्रोश, लोगों ने प्रशासन ने की ये मांग

top-news
दिल्ली सटे नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के बहलोलपुर पुलिस चौकी के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया.

दिल्ली सटे नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के बहलोलपुर पुलिस चौकी के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. ये हादसा तब हुआ जब बाइक पर सवार दोनों युवक सड़क से गुजर रहे थे, तभी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी और कुचलते हुए आगे निकल गया. ट्रैक्टर रेत से भरा हुआ था और माना जा रहा है कि तेज रफ्तार में था. 

वही हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. बहलोलपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया. इस हादसे के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक मौके से भागने की कोशिश में था, लेकिन लोगों की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से उसे पकड़ लिया गया. वहीं ट्रैक्टर को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है.

वहीं पुलिस का कहना है कि ट्रैक्टर चालक से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है और प्रथम दृष्टया मामला लापरवाही से वाहन चलाने का मामला प्रतीत हो रहा है. मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है. परिजनों के पहुंचने पर शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया जाएगा. 

इस भयावह हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में भारी वाहनों का अनियंत्रित आवागमन आम बात है. जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है. लोगों ने प्रशासन से ये मांग भी की है कि भारी वाहनों के लिए विशेष मार्ग निर्धारित कर दिया जाए और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन किया जाए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है और संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *