नोएडा में बड़ा हादसा टला, अचानक धंसी सड़क और हुआ बड़ा गड्ढा, जानिए वजह
Road collapsed
- Shiv Kumar
- 24 Jun, 2025
Noida: मानसून की बारिश शुरू होने से पहले ही अव्यवस्थाओं की पोल नोएडा में खुलने लगी है। सेक्टर-50 में ओवरसीज अपार्टमेंट के पास सड़क अचानक धंस गई, जिससे बड़ा सा गड्ढा हो गया है। इस वजह से क्षेत्र में खतरे की स्थिति पैदा हो गई है। इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों और पैदल यात्रियों से प्रशासन सावधानी बरतने की अपील की है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम को अचानक सड़क धंस गई। सड़क धंसते ही मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। इसकी बाद स्थानीय लोगों ने नोएडा प्राधिकरण और पुलिस को सूचित किया। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र का निरीक्षण किया और सड़क को अस्थायी रूप से बंद कर दिया।
स्थानीय लोगों ने प्राधिकरण पर फोड़ा ठीकरा
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रास्ते का उपयोग रोजाना सैकड़ों लोग गुजरते हैं। सड़क धंसने से बड़े हादसे का खतरा बढ़ गया है। सेक्टर 50 के पंकज ने बताया कि सीवर जाम होने से सड़क धंसी है। पिछले कई महीने से सेक्टर 50 के कई ब्लाक के निवासी सीवर चोक होने की शिकायत कर रहे थे लेकिन प्राधिकरण ने संज्ञान नहीं लिया। राजेश सिंह का कहना है कि यह प्राधिकरण की बड़ी लापरवाही है, कोई भी बड़ी घटना हो सकती थी।
स्थानीय लोगों से सावधानी बरतने की अपील
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि भूमिगत जल रिसाव या सीवर लाइन में रुकावट के कारण सड़क धंस सकती है, जिसकी जांच की जा रही है। प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है और मरम्मत कार्य शुरू करने की बात कही है। नोएडा पुलिस ने भी लोगों से इस क्षेत्र में सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। मरम्मत कार्य पूरा होने तक इस रास्ते से न जाने की सलाह दी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






