IIA Noida चैप्टर की कमान फिर नवीन गुप्ता के हाथ, अब नोएडा के उद्योगों को मिलेगी नई धार!
नोएडा में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) की ओर से मंगलवार को लखनऊ में एक खास समारोह आयोजित किया गया।
- Rishabh Chhabra
- 01 Jul, 2025
नोएडा में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) की ओर से मंगलवार को लखनऊ में एक खास समारोह आयोजित किया गया। जिसमें नए पदाधिकारियों की आधिकारिक घोषणा की गई। इस मौके पर नोएडा के जाने-माने उद्यमी नवीन गुप्ता को एक बार फिर वर्ष 2025-26 के लिए आईआईए नोएडा चैप्टर का चेयरमैन नियुक्त किया गया। ये उनकी नेतृत्व क्षमता और कार्यशैली पर नोएडा के उद्योग जगत का भरोसा दर्शाता है।
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरुण कुमार सक्सेना ने दिलाई शपथ
लखनऊ स्थित आईआईए के केंद्रीय कार्यालय में हुए इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरुण कुमार सक्सेना मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद और कर्तव्य की शपथ दिलाई। इस समारोह में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए उद्यमी, व्यापारी और आईआईए से जुड़े सदस्य भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
"यह सिर्फ पद नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी"
नवीन गुप्ता ने फिर से चेयरमैन नियुक्त किए जाने पर सभी का धन्यवाद करते हुए कहा, कि "यह सिर्फ पद नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है। मैं नोएडा चैप्टर को और मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करूंगा।" उन्होंने खास तौर पर एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) सेक्टर की चुनौतियों को सामने रखते हुए कहा कि "हमारा लक्ष्य है कि इस सेक्टर को मजबूती मिले, नौकरियों के अवसर बढ़ें और नोएडा एक आदर्श औद्योगिक शहर के रूप में आगे आए।"
नवीन गुप्ता का कहना है कि वे सरकार के साथ समन्वय बनाकर नीतियों में सुधार की दिशा में भी काम करेंगे। उनका फोकस खासतौर पर छोटे और मझौले उद्यमों को टेक्नोलॉजी, फाइनेंस और स्किल्स के क्षेत्र में मजबूत करने पर रहेगा।
हजारों उद्यमियों की आवाज सरकार तक पहुंचाता है IIA
आईआईए एक ऐसा संगठन है जो प्रदेश भर के हजारों उद्यमियों की आवाज सरकार तक पहुंचाता है और उनके हितों की रक्षा के लिए लगातार काम करता है। नोएडा चैप्टर का नेतृत्व एक बार फिर से नवीन गुप्ता को सौंपे जाने से स्थानीय उद्योगपतियों में भी उत्साह का माहौल है। सभी को उम्मीद है कि उनके अनुभव और सक्रियता से नोएडा में औद्योगिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी।
नवीन गुप्ता का दोबारा चेयरमैन बनना सिर्फ एक व्यक्ति की जीत नहीं, बल्कि नोएडा के उद्योग क्षेत्र की उम्मीदों का नया अध्याय है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






