थार से कुचलने का मामला; कोर्ट के आदेश पर 20 लोगों पर केस दर्ज, आरोपी पक्ष की अर्जी पर एक्शन

top-news
कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने पांच नामजद समेत 20 के खिलाफ केस दर्ज किया है।

Noida: नोएडा सेक्टर 53 में गिझौड़ गांव के पास 2 जून को सोशल मीडिया टिप्पणी को लेकर हुई मारपीट और थार से कुचलने के चर्चित मामले में अब आरोपी पक्ष ने भी कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया है। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने पांच नामजद समेत 20 के खिलाफ केस दर्ज किया है।


अमित खारी ने कोर्ट में दी अर्जी

गाजियाबाद निवासी अमित खारी ने कोर्ट में दी गई अर्जी में कहा था कि आकाश अवाना के मोबाइल नंबर पर दिल्ली निवासी आयुष त्रिपाठी ने दो जून को कई बार फोन किया। जब फोन नहीं उठा तब अज्ञात नंबर से बात करते हुए आयुष ने किसी लड़की को मैसेज करने की बात कही। इसके बाद आयुष, सौरभ यादव, सुमित यादव और बहलोलपुर निवासी प्रिंस यादव के अलावा 15 अज्ञात लोग चार गाड़ियों में सेक्टर-53 स्थित गिझौड़ गांव में पहुंचे।


भारत सरकार लिखी गाड़ियों पर आए थे हमलावर

एक स्कॉर्पियो पर भारत सरकार लिखा हुआ था। सभी लोगों ने आकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। अमित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने फायरिंग की और जान से मारने की धमकी दी। इन आरोपियों के खिलाफ पहले से सूरजपुर, बीटा 2 और सेक्टर 39 थानों में गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। घटना के वीडियो और फोटो पुलिस को सौंपा है। एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का ने बताया कि सौरभ यादव की ओर से आकाश अवाना, अमन अवाना, गौरव चौहान और कुनाल चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। अब कोर्ट के आदेश पर दूसरे पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है।


वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ था वायरल

बता दें कि इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। वीडियो में मारपीट, गाली-ग्लौज और थार से कुचलने के प्रयास साफ नजर आ रहे थे। एक पक्ष की ओर से पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि दो अभी भी फरार चल रहे हैं।


थाना और चौकी प्रभारी हुए थे सस्पेंड

वीडियो वायरल होने के बाद तत्कालीन सेक्टर 24 प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला और गिझौड़ चैकी प्रभारी को सस्पेंड कर दिया गया था। इसके साथ ही थार गाड़ी को जब्त कर सीज करने के साथ 68,500 रुपये का चालान किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *