नोएडा एनसीआर को 'जहर' सप्लाई करने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार, सवा एक महीने से चल रहा था फरार
- Shiv Kumar
- 12 Aug, 2025
Noida: नोएडा सुमित पूरे एनसीआर के लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले नकली पनीर फैक्ट्री के मालिक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपी अलीगढ़ में केमिकल से पनीर बनाकर नोएडा एनसीआर में सस्ते दामों में सप्लाई कर रहा था। कुछ दिनों पहले पुलिस ने नकली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था लेकिन मास्टरमाइंड और मलिक फरार हो गया था।
पुलिस ने 25000 इनाम घोषित किया था
नोएडा पुलिस ने सोमवार को सेक्टर-63 स्थित जी ब्लॉक से अलीगढ़ के सहजपुरा गांव निवासी अफसर खां को गिरफ्तार कर लिया। अफसर पर आरोप है कि वह अलीगढ़ में नकली पनीर बनाकर नोएडा और एनसीआर में सप्लाई करता था। वह पिछले सवा महीने से फरार था और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने ₹25,000 का इनाम घोषित कर रखा था।
जमीन बेचकर शुरू की थी फैक्ट्री
अफसर पहले फरीदाबाद में एक सप्लायर के लिए पनीर पहुंचाने का काम करता था। इसी दौरान उसने खुद का पनीर बनाने और बेचने का व्यवसाय शुरू करने का मन बनाया। उसने अपने भाई गुड्डू उर्फ रहीश के साथ मिलकर अलीगढ़ में एक पनीर फैक्ट्री शुरू की, जिसके लिए उसने कुछ जमीन भी बेची।
शुरुआत में असली पनीर बनाया गया, लेकिन मुनाफा कम होने पर अफसर ने मिलावटी पनीर तैयार करना शुरू किया। इसमें वह स्किम्ड मिल्क पाउडर, सार्टेक्स क्लीन, रिफाइंड पामोलिन ऑयल, केमिकल और रंग मिलाकर मशीन से पनीर बनाता था। यह पनीर स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक था।
चार आरोपी पहले ही हो चुके गिरफ्तार
29 जून को पुलिस ने इस मामले में पहले ही चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बरामद पनीर की लैब जांच में इसकी मिलावट की पुष्टि हुई। अफसर गिरफ्तारी से बचने के लिए फरीदाबाद और एनसीआर के अलग-अलग स्थानों पर छिपा रहा, लेकिन सोमवार को पुलिस ने उसे दबोच लिया।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






