नोएडा में 22 ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं में अटकी 5928 फ्लैटों की रजिस्ट्री, जानिए क्या है वजह?

top-news
बिल्डरों के बकाया न जमा करने से परेशान हो रहे खरीदार, प्राधिकरण जल्द करेगा सूची सार्वजनिक

Noida: नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र की 22 ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं में खरीदारों के लिए सबसे बड़ी समस्या रजिस्ट्री अटकने की बन गई है। इन परियोजनाओं में निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन बिल्डरों द्वारा प्राधिकरण को बकाया राशि जमा न करने के कारण करीब 5928 फ्लैटों की रजिस्ट्री फंसी हुई है।


खरीदारों को हो रही बहुत परेशानी

नोएडा प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, सामान्यत: जिन परियोजनाओं में निर्माण अधूरा है या टावर अधर में लटके हैं, वहां खरीदारों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। लेकिन इन 22 परियोजनाओं में बिल्डरों ने फ्लैटों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है। बावजूद इसके रजिस्ट्री न होने से खरीदार न तो कानूनी मालिक बन पा रहे हैं और न ही उन्हें अपनी संपत्ति का अधिकारिक दस्तावेज मिल पा रहा है।


कई बार दी गई मोहलत भी बेअसर

प्राधिकरण ने बिल्डरों को बकाया जमा करने के लिए कई बार अवसर दिए और राहत योजनाओं का लाभ उठाने का मौका भी दिया। दिसंबर 2023 में आई अमिताभकांत समिति की सिफारिशों पर बनी जीरो पीरियड पॉलिसी में भी इन बिल्डरों ने हिस्सा लिया था, लेकिन इसके बावजूद बकाया जमा नहीं किया।


कोर्ट में भी नहीं चल रहा कोई मामला

अधिकारियों के मुताबिक, खास बात यह है कि इन 22 ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं से संबंधित कोई भी मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन नहीं है। यानी कानूनी अड़चन न होने के बावजूद खरीदारों की रजिस्ट्री सिर्फ बिल्डरों की लापरवाही और बकाया भुगतान न करने के कारण अटकी हुई है।


कुछ रजिस्ट्री पहले हो चुकीं

इनमें से कई परियोजनाओं में बिल्डरों ने पूर्व में आंशिक बकाया जमा कराया था, जिसके बाद कुछ खरीदारों की रजिस्ट्री भी हो चुकी है। लेकिन अभी भी बड़े पैमाने पर बकाया शेष है, जिस कारण हजारों खरीदारों के फ्लैटों की रजिस्ट्री अधर में अटकी हुई है।


प्राधिकरण करेगा सूची सार्वजनिक

नोएडा प्राधिकरण ओएसडी क्रांति शेखर सिंह ने कहा, ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं की सूची तैयार कर ली गई है, जिनमें बिल्डरों ने बकाया नहीं जमा किया और रजिस्ट्री रुकी हुई है। इस सूची का अंतिम परीक्षण कराया जा रहा है और जल्द ही इसे सार्वजनिक किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *