37 दिन तक पूरे परिवार को किया डिजिटल अरेस्ट, साइबर ठगों ने रिटायर्ड वायु सेना अफसर से ठगे 3.22 करोड़ रुपये

top-news
नोएडा में ऑनलाइन महाफ्रॉड

Noida: नोएडा में रहने वाले बुजुर्ग साइबर ठगों के टारगेट बनते जा रहे हैं। अब साइबर जालसाजों ने एक परिवार को 37 दिन तक डिजिटल अरेस्ट कर वायु सेना के सेवानिवृत अधिकारी से 3 करोड़ 22 लाख रुपये ठग लिए। मनी लॉन्ड्रिंग में फंसाने व बचाने के नाम पर आरोपियों ने डिजिटल अरेस्ट के दौरान कथित पीएमएलए कोर्ट में पेश भी किया। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाने में केस दर्ज किया गया है।


मनी लांड्रिंग केस में फंसने की दी धमकी

सेक्टर 25 में रहने वाली मलोबिका मित्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह माता-पिता के साथ रहती हैं। पिता सुबीर मित्रा के पास 16 जुलाई को ट्राई के नाम से एक व्यक्ति ने फोन किया। जिसने कहा, आपके नाम से जारी एक सिम से अश्लील मैसेज व गलत जानकारी भेजी जा रही है। इसके बाद कॉलर ने मुंबई क्राइम ब्रांच के कथित अधिकारी को ट्रांसफर कर दिया। कथित पुलिस अधिकारी ने कहा, आपके आधार कार्ड से मुंबई में केनरा बैंक में एक खाता खुला है, जिसका इस्तेमाल नरेश गोयल से जुड़े मनी लांड्रिंग केस में हुआ है।


फर्जी कोर्ट में पेश किया

कथित पुलिस अधिकारी ने कहा, आपके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया है और मुंबई आना होगा। इसके बाद सुबीर, पत्नी व बेटी तीनों को जालसाजों ने डराया और 16 जुलाई से 22 अगस्त तक तीनों को घर में डिजिटल अरेस्ट कर लिया। इस दौरान जालसाजों ने फर्जी पीएमएलए कोर्ट में ऑनलाइन पेश किया। कोर्ट ने फैसला दिया कि सुबीर के खाते का सत्यापन किया जाए। इस पर जालसाजों ने कहा, खाते में जितनी भी रकम है, उसे अलग-अलग खाते में भेज दें।


पैसे ट्रांसफर होते ही संपर्क तोड़ा

अगर सत्यापन में सभी जांच ठीक हुई तब रकम वापस भेजी जाएगी। इसके बाद जालसाजों ने अलग-अलग खातों में 3.22 करोड़ ट्रांसफर करा लिया। इसके बाद जालसाजों ने संपर्क तोड़ लिया, तब परिवार को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत कराने के साथ साइबर क्राइम थाने में भी केस दर्ज किया गया है। एडीसीपी साइबर सेल शैव्या गोयल ने बताया कि ठगी की जानकारी मिली है। शिकायत मिलते ही पुलिस उन खातों की जांच कर रही है, जिनमें रकम ट्रांसफर की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *