नोएडा पुलिस कमिश्नरेट ने फहराया परचम, डायल-112 सेवा को प्रदेश में मिला दूसरा स्थान, 3. 24 मिनट रिस्पॉन्स टाइम रहा

top-news
यूपी-112 रिस्पांस टाइम रिपोर्ट: गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट फिर से अव्वल

Noida: उत्तर प्रदेश की आपातकालीन सेवा डायल-112 की सितंबर महीने की रिपोर्ट में गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है। बुधवार को जारी ताजा सूची के मुताबिक, जिले ने पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। जिले की पुलिस ने जरूरतमंदों तक औसतन केवल 3 मिनट 24 सेकेंड में मदद पहुंचाई।

हर कॉल पर तेजी से एक्शन लिया
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह  के नेतृत्व और डीसीपी ट्रैफिक की सख्त निगरानी में काम कर रही पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) टीमें लगातार तत्परता से मदद पहुंचा रही हैं। आंकड़ों के अनुसार, प्रतिदिन 900 से ज्यादा कॉल्स डायल-112 कंट्रोल रूम में दर्ज होते हैं। इन कॉल्स पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के लिए जिले में 65 चार पहिया और 48 दो पहिया पीआरवी वाहन चौबीसों घंटे सक्रिय रहते हैं।  पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने बताया कि पीआरवी कर्मी त्वरित सहायता पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। टीम ने कई लोगों की जान बचाई है और उन्हें पीआरवी ऑफ डे का खिताब भी मिला है। पुलिस आयुक्त ने यूपी-112 के पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने की बात कही है।

महिला और हाईवे सुरक्षा पर विशेष जोर
बता दें कि महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कमिश्नरेट में 6 महिला पीआरवी वाहन तैनात हैं। वहीं हाईवे की सुरक्षा और तेज सहायता के लिए 4 पीआरवी ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे और 2 पीआरवी यमुना एक्सप्रेस-वे पर लगातार गश्त कर रही हैं। इन वाहनों की वजह से सड़क हादसों और आपात स्थितियों में फौरन मदद पहुंचाई जा रही है। कमिश्नरेट पुलिस अब रिस्पांस टाइम को और भी कम करने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए नई योजनाएं लागू की जा रही हैं और पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि डायल-112 पर ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया जाएगा ताकि उनका मनोबल और बढ़े।

पीआरवी ऑफ द डे का पुरस्कार भी मिला

 सितंबर महीने के दौरान गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट को तीन बार “पीआरवी ऑफ द डे” का पुरस्कार भी मिला। यह सम्मान उन जिलों को दिया जाता है जिनकी पुलिस सबसे तेज और बेहतर प्रतिक्रिया देती है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि समय पर सहायता मिलने से जहां सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की जान बचाई जा रही है, वहीं आपराधिक घटनाओं को रोकने में भी बड़ी मदद मिल रही है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *