नोएडा में एक और हादसा, इस बार महिला बैंक कर्मचारी की मौत, यह है पूरा मामला

top-news
नोएडा सेक्टर-71 में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराने पर दिल्ली के बैंक में कार्यरत महिला कर्मचारी की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य बैंक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नोएडा के सेक्टर-71 में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दिल्ली के एक बैंक में कार्यरत महिला कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब दिल्ली से नोएडा की ओर आ रही तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद फेज-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।


हादसे में बैंक कर्मचारी महिला की गई जान
पुलिस के अनुसार, मृतक महिला की पहचान बरेली निवासी गुलफिशा के रूप में हुई है, जो दिल्ली के एक बैंक में कार्यरत थीं। हादसे के वक्त वह अपने दो सहकर्मियों के साथ कार में सवार थीं। अस्पताल में इलाज के दौरान गुलफिशा ने दम तोड़ दिया। वहीं, घायल मुर्तजा अब्बास, निवासी नई दिल्ली और अनुष्का चौधरी, निवासी मथुरा का अस्पताल में इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह दुर्घटना हो गई।


पुलिस जांच में जुटी, शिकायत का इंतजार
फेज-3 थाना पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया है, जबकि मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है, जिसमें सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *