नोएडा में घूम रहा था लैपटॉप चोर गैंग, 17 लैपी कर दिए पार, पुलिस का माथा ठनका, सबको दबोचा

top-news
नोएडा थाना सेक्टर-20 पुलिस ने घरों और अस्पतालों से लैपटॉप चोरी करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 17 चोरी के लैपटॉप, अवैध हथियार और स्कूटी बरामद की है।

नोएडा के थाना सेक्टर-20 पुलिस ने घरों और अस्पतालों से लैपटॉप चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को की गई कार्रवाई में पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 17 चोरी के लैपटॉप, दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस, चोरी में प्रयुक्त स्कूटी और एक आधार कार्ड की छायाप्रति बरामद की है। पुलिस के अनुसार, यह दोनों आरोपी लंबे समय से दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय थे और खासतौर पर उन स्थानों को निशाना बनाते थे, जहां सुरक्षा व्यवस्था अपेक्षाकृत कमजोर होती थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है।


लोकल इंटेलिजेंस से हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर अट्टा अंडरपास के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना सेक्टर-20 पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों अभियुक्तों को मौके से दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल सिंह उर्फ देव (32 वर्ष) और दुष्यंत चौपड़ा उर्फ बोनी (35 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में सेक्टर-45, नोएडा में रह रहे थे। पूछताछ में सामने आया कि वे दिल्ली और नोएडा समेत आसपास के इलाकों में लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।


अस्पताल और घर थे मुख्य निशाने
जांच में यह भी सामने आया कि अभियुक्त खासतौर पर घरों और अस्पतालों को निशाना बनाते थे। अस्पतालों में मरीजों और स्टाफ की व्यस्तता का फायदा उठाकर ये लैपटॉप चोरी कर लेते थे और मौके से फरार हो जाते थे। बरामद 17 लैपटॉप में से एक एचपी कंपनी का लैपटॉप थाना सेक्टर-20 में दर्ज मुकदमा संख्या 379/2025, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित पाया गया है। इससे यह साफ हो गया है कि आरोपी पहले से दर्ज मामलों में भी वांछित थे।


अवैध हथियार भी बरामद, पूछताछ जारी
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से दो अवैध तमंचे (.315 बोर) और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की गई स्कूटी को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त कर लिया गया है। थाना सेक्टर-20 पुलिस का कहना है कि दोनों अभियुक्तों से गहन पूछताछ की जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि पूछताछ के दौरान कई अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है। पुलिस ने इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *