नोएडा के शिल्प हॉट में 24 से 26 जनवरी तक उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन, कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार करेंगे उद्घाटन
- Shiv Kumar
- 23 Jan, 2026
उत्तर प्रदेश की स्थापना की ऐतिहासिक स्मृति को संजोने और प्रदेश की सांस्कृतिक, सामाजिक व विकासात्मक उपलब्धियों को आमजन तक पहुँचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश दिवस–2026 का आयोजन 24 से 26 जनवरी तक नोएडा शिल्प हाट में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस भव्य आयोजन का औपचारिक शुभारंभ 24 जनवरी 2026 को दोपहर 12 बजे उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी) सुनील कुमार शर्मा करेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम में जनपद के माननीय जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित विभागों की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
“विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत” थीम पर होगा आयोजन
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश दिवस–2026 का आयोजन “विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत” की थीम पर किया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम लखनऊ में होगा, जबकि जनपद गौतमबुद्धनगर में नोएडा शिल्प हाट को जिला स्तरीय मुख्य आयोजन स्थल के रूप में चुना गया है। यहाँ तीन दिनों तक सांस्कृतिक, साहित्यिक, सामाजिक और विकासपरक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रदेश की समृद्ध विरासत और विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने अब तक की गई तैयारियों की जानकारी देते हुए मंच व्यवस्था, प्रदर्शनी क्षेत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आमंत्रण, सुरक्षा, स्वच्छता, विद्युत, यातायात और पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
लगेंगे 120 से अधिक स्टॉल, विभिन्न वर्गों का होगा सम्मान
बैठक में बताया गया कि नोएडा शिल्प हाट परिसर में एक जनपद–एक उत्पाद (ODOP), स्टार्टअप, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मिशन शक्ति, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों और विभिन्न जनकल्याणकारी सरकारी योजनाओं पर आधारित लगभग 120 आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं, महिलाओं, किसानों, शिल्पकारों, उद्यमियों और अन्य प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित करने की भी योजना है। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय से समयबद्ध रूप से कार्य पूरा करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
स्थलीय निरीक्षण कर दिए गए आवश्यक निर्देश
समीक्षा बैठक के बाद मुख्य विकास अधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी, प्राधिकरण, पुलिस और अन्य अधिकारियों के साथ नोएडा शिल्प हाट का स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश दिवस के अंतर्गत युवा दिवस, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती, राष्ट्रीय पर्यटन दिवस, मतदाता जागरूकता दिवस और गणतंत्र दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसरों को प्रभावी रूप से कार्यक्रमों में शामिल किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि प्रदेश की पहचान, गौरव और विकास यात्रा को प्रदर्शित करने का सशक्त माध्यम है। सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि यह आयोजन भव्य और स्मरणीय बन सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






