नोएडा में बीटेक छात्र ने उठाया खौफनाक कदम, चौथी मंजिल से कूदा, यह है पूरा मामला

top-news
नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र में बीटेक छात्र उदित सोनी की मौत के बाद हॉस्टल में हंगामा हो गया। छात्रों ने मैनेजमेंट पर मानसिक दबाव का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक निजी विश्वविद्यालय के हॉस्टल में बीटेक छात्र की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद हॉस्टल परिसर में तनाव फैल गया और छात्रों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि हॉस्टल मैनेजमेंट के दबाव और वार्डन की शिकायत से मानसिक रूप से आहत होकर छात्र ने यह कदम उठाया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


पिता से शिकायत के बाद बदला माहौल
मृतक छात्र उदित सोनी (28) झांसी जनपद के भोगनीपुर का रहने वाला था और गलगोटिया यूनिवर्सिटी में बीटेक सेकेंड ईयर का छात्र था। उसके पिता ज्वेलरी का काम करते हैं। दोस्तों के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 10 बजे उदित अपने दो दोस्तों के साथ हॉस्टल लौटा था। वार्डन ने उसे गेट पर रोक लिया और वीडियो कॉल के जरिए उसके पिता से बात कराई। वार्डन ने पिता को बताया कि उदित शराब पीकर हॉस्टल आया है और पहले भी इस तरह की शिकायत हो चुकी है। इस पर पिता ने नाराजगी जताई और सख्त शब्दों में डांट लगाई। हालांकि बाद में उन्होंने वार्डन को आश्वासन दिया कि आगे ऐसा नहीं होगा, जिसके बाद उदित को कमरे में जाने दिया गया।


घटना के बाद अस्पताल में मौत
दोस्तों का कहना है कि पिता से बात होने के बाद उदित काफी परेशान दिख रहा था। वह कुछ देर अपने कमरे में रहा और फिर हॉस्टल की ऊपरी मंजिल पर चला गया। कुछ समय बाद तेज आवाज सुनकर हॉस्टल स्टाफ मौके पर पहुंचा और घायल अवस्था में उदित को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही हॉस्टल और विश्वविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को भी तत्काल सूचना दी गई।


छात्रों का हंगामा, मैनेजमेंट पर आरोप
उदित की मौत की खबर फैलते ही उसके साथी छात्र हॉस्टल के बाहर इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुस्साए छात्रों ने सड़क पर खड़ी पांच बसों में तोड़फोड़ कर दी और वार्डन व हॉस्टल मैनेजमेंट के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों का आरोप है कि अगर वार्डन ने तुरंत पिता से शिकायत करने के बजाय छात्र को समझाने की कोशिश की होती, तो शायद यह घटना न होती। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्रों को शांत कराया और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया।


पुलिस जांच में जुटी
नॉलेज पार्क थाना पुलिस का कहना है कि रात में छात्र की मौत की सूचना मिली थी। परिजनों को जानकारी दे दी गई है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस छात्रों, हॉस्टल स्टाफ और मैनेजमेंट से पूछताछ कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *