रबूपुरा इलाके से एक के बाद एक चोरी हो रहे थे पालतू जानवर, बदमाशों ने पुलिस के नाक में कर दिया दम, फिर पुलिस ने जो किया, आप कहेंगे बढ़िया!
- Shiv Kumar
- 24 Jan, 2026
गौतमबुद्धनगर जनपद के रबूपुरा में पशु चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और दो अवैध तमंचे समेत कई कारतूस बरामद किए हैं। दोनों अभियुक्त लंबे समय से पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे और पुलिस को इनकी तलाश थी। गिरफ्तारी के बाद इलाके में लोगों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि पिछले कुछ समय से पशु चोरी की घटनाओं से ग्रामीण काफी परेशान थे।
पशु चोरी की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस के अनुसार, 17 जनवरी 2026 को एक वादी द्वारा थाना रबूपुरा में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि अज्ञात चोरों ने बोलेरो पिकअप (डीएल 12 एजी 8651) और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर पशुओं की चोरी की है। इस मामले में थाना रबूपुरा पर मु0अ0सं0 14/2026 धारा 305/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूचनाओं और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
धनपुरा चौराहे से दोनों अभियुक्त गिरफ्तार
लगातार की गई पुलिस कार्रवाई के तहत 24 जनवरी 2026 को थाना रबूपुरा पुलिस ने प्रकाश में आए वांछित अभियुक्त साहिब पुत्र हसरत और अजहर पुत्र हसरत को धनपुरा चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो अवैध तमंचे .315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद मुकदमे में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्त ग्राम धनपुरा, थाना रबूपुरा, जनपद गौतमबुद्धनगर के निवासी हैं और उम्र क्रमशः 22 और 24 वर्ष है।
दिन में रेकी, रात में देते थे चोरी को अंजाम
पूछताछ में अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वे दिन के समय गांव और आसपास के इलाकों में पशुओं की रेकी करते थे। रात के अंधेरे में सुनसान स्थानों पर पशुओं को ले जाकर पहले से तय वाहन बुलाते थे और फिर चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह काफी शातिर तरीके से काम करता था, जिससे पहले भी कई बार पशु चोरी की घटनाएं हुई थीं।
बरामद सामान और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल (यूपी 16 एयू 3425), एक मोबाइल फोन, दो अवैध तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। थाना प्रभारी रबूपुरा के अनुसार, अभियुक्तों से पूछताछ जारी है और उनके आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच की जा रही है। यदि अन्य घटनाओं में संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ और भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






