भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय कार्यालय में मनाया गया शहीदी दिवस, कहा- शहीदों का पूरा देश ऋणी
- Shiv Kumar
- 23 Mar, 2026
नोएडा के सेक्टर-52 स्थित भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय कार्यालय में सोमवार को शहीदी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान शहीदों के बलिदान को याद करते हुए देशभक्ति का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने शहीदों के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प भी लिया। माहौल पूरी तरह भावुक और देशभक्ति से ओतप्रोत नजर आया, जहां हर किसी ने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों को नमन किया।
शहीदों के बलिदान को बताया अमूल्य, युवाओं को प्रेरित किया
भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए लाखों लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव जैसे नौजवानों ने कम उम्र में ही देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने बताया कि इन तीनों क्रांतिकारियों को तय समय से पहले फांसी दिए जाने से पूरे देश में आक्रोश फैल गया था। ऐसे बलिदानों की वजह से ही आज हम आजाद भारत में सांस ले पा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें।
मौजूदा हालात पर जताई चिंता, एकजुटता का आह्वान
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने देश के मौजूदा हालात पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज समाज में कई तरह की चुनौतियां हैं और ऐसे समय में शहीदों के आदर्शों को याद करना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर देशहित में काम करने की अपील की। इस अवसर पर दीपू यादव, पूरण प्रधान, अशोक यादव, राहुल तिवारी, जमील, तोहिद और ठाकुर अजब सहित कई लोग मौजूद रहे। सभी ने मिलकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके सपनों का भारत बनाने का संकल्प लिया।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






