नोएडा में मालवाहक वाहनों की एंट्री पर बैन, एयरपोर्ट उद्घाटन के चलते लिया गया फैसला, सुबह 7 से रात 11 बजे तक लगी रोक
- Shiv Kumar
- 27 Mar, 2026
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुभारंभ को लेकर शनिवार को नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेस-वे पर विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी गई है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वीवीआईपी, वीआईपी और आम लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस दौरान नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे और यमुना एक्सप्रेस-वे पर भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहन नहीं चल सकेंगे। केवल एंबुलेंस, दमकल और अन्य आपातकालीन सेवाओं को ही छूट दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे तय रूट और समय का पालन करें।
विभिन्न शहरों से आने वाले वाहनों के लिए तय किए गए अलग रूट
ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए अलग-अलग जिलों से आने वाले वाहनों के लिए विशेष मार्ग निर्धारित किए गए हैं। मेरठ और गाजियाबाद से आने वाले वाहन ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे से सिरसा टोल होते हुए निर्धारित मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे और उनके लिए पी-6 व पी-7 पार्किंग तय की गई है। वहीं मथुरा और अलीगढ़ से आने वाले वाहन यमुना एक्सप्रेस-वे के जरिए जेवर टोल पार कर सबौता अंडरपास से प्रवेश करेंगे। इनके लिए अलग-अलग पार्किंग जैसे पी-05, पी-9 और पी-11 निर्धारित की गई हैं। हापुड़ और बुलंदशहर से आने वाले वाहनों को भी अलग मार्गों से डायवर्ट कर पी-13 और पी-14 पार्किंग में भेजा जाएगा, ताकि मुख्य मार्गों पर दबाव कम किया जा सके।
वीवीआईपी, मीडिया और स्थानीय लोगों के लिए अलग व्यवस्था
कार्यक्रम में शामिल होने वाले वीवीआईपी और वीआईपी मेहमानों के लिए विशेष प्रवेश और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। ये वाहन यमुना एक्सप्रेस-वे के इंटरचेंज से प्रवेश कर पी-1, पी-2 और पी-3 पार्किंग में खड़े होंगे। वहीं मीडिया कर्मियों को किशोरपुर गेट से प्रवेश दिया जाएगा और उनके लिए पी-8 पार्किंग निर्धारित की गई है। प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए पी-10 पार्किंग तय की गई है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा से आने वाले लोग एक्सप्रेस-वे और प्रमुख गोलचक्करों से होते हुए दयानतपुर इंटरचेंज के पास बने अस्थाई गेट से प्रवेश करेंगे और उनके वाहन पी-7 में पार्क किए जाएंगे। दोपहिया वाहनों के लिए पी-04 और जेवर कस्बे से आने वालों के लिए पी-12 पार्किंग तय की गई है।
मालवाहक वाहनों के लिए डायवर्जन, पीएम का कार्यक्रम तय
कार्यक्रम के दौरान बाहरी जिलों से आने वाले मालवाहक वाहनों को भी अलग-अलग मार्गों पर डायवर्ट किया गया है। आगरा, खुर्जा, सिकंदराबाद और काकोड की ओर से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य यह है कि एयरपोर्ट के आसपास किसी भी प्रकार की जाम की स्थिति न बने। कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब 11 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां वे पहले निरीक्षण करेंगे और इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। पुलिस और ट्रैफिक विभाग ने पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों से सहयोग की अपील की है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






