नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन आज, 11.30 बजे PM मोदी करेंगे शुभारंभ, 45 दिनों में डोमेस्टिक-कार्गो और 90 दिनों में शुरू होंगी इंटरनेशनल फ्लाइट्स

top-news
जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का आज उद्घाटन होगा। पीएम मोदी और सीएम योगी कार्यक्रम में शामिल होंगे। पहले चरण में एक रनवे से संचालन शुरू होगा और जल्द ही घरेलू व अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने की तैयारी है।

उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का आज भव्य उद्घाटन होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह करीब 11 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे और दोपहर 12 बजे फेज-1 का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। लंबे समय से इस प्रोजेक्ट का इंतजार किया जा रहा था और अब इसके शुरू होने से पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को बड़ी राहत मिलने वाली है। कार्यक्रम में लाखों लोगों के पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है और पूरे इलाके को हाई अलर्ट पर रखा गया है।


पहले चरण में 3 करोड़ यात्रियों की क्षमता, जल्द उड़ानें शुरू

एयरपोर्ट के पहले चरण में करीब 3300 एकड़ में टर्मिनल और एक रनवे तैयार किया गया है। इसकी सालाना क्षमता करीब 3 करोड़ यात्रियों को संभालने की होगी। अधिकारियों के मुताबिक, उद्घाटन के 45 दिनों के भीतर घरेलू और कार्गो फ्लाइट्स शुरू हो जाएंगी, जबकि इंटरनेशनल उड़ानों की शुरुआत करीब तीन महीने में हो सकती है। फिलहाल एक रनवे से संचालन शुरू होगा, लेकिन अगले एक साल में चार रनवे तक विस्तार किया जाएगा। इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा एयर जैसी कंपनियों के साथ करार हो चुका है और उनके काउंटर भी तैयार हैं। इस एयरपोर्ट का निर्माण करीब 11 हजार करोड़ रुपये की लागत से किया गया है, जो आने वाले समय में देश के बड़े एविएशन हब के रूप में विकसित होगा।


आधुनिक सुविधाएं: 20 मिनट में एंट्री से बोर्डिंग, डिजी यात्रा से मिलेगा फायदा

एयरपोर्ट को यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बेहद आधुनिक तरीके से डिजाइन किया गया है। यहां एंट्री से बोर्डिंग गेट तक पहुंचने में 20 मिनट से कम समय लगने का दावा किया गया है। डिजी यात्रा सिस्टम के जरिए यात्री फेस स्कैन से एंट्री ले सकेंगे, जिससे समय की काफी बचत होगी। इसके अलावा सेल्फ बैगेज ड्रॉप मशीनें लगाई गई हैं, जहां 30 सेकंड में बैग जमा किया जा सकेगा। बुजुर्गों के लिए व्हीलचेयर, बच्चों के लिए प्ले एरिया, बेबी केयर रूम और प्रेयर रूम जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं। टर्मिनल का डिजाइन गंगा घाटों से प्रेरित है, जहां डोम स्ट्रक्चर से प्राकृतिक रोशनी अंदर आती है और यात्रियों को अलग अनुभव मिलता है।


एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनने की तैयारी, IGI पर कम होगा दबाव

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को कुल 52 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में विकसित किया जाना है। सभी चरण पूरे होने के बाद यह एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन सकता है, जो फिलहाल चीन के बीजिंग डेक्सिंग इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भी बड़ा होगा। यह एयरपोर्ट दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर बढ़ते दबाव को कम करेगा। सुरक्षा के लिहाज से यहां 5-स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है और करीब 5 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। एयरपोर्ट पर ILS कैट-3 सिस्टम भी लगाया गया है, जिससे घने कोहरे में भी विमान आसानी से लैंड कर सकेंगे। आने वाले समय में यह एयरपोर्ट उत्तर भारत की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *