नोएडा के डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी का ट्रांसफर, अब मिली महाराजगंज की जिम्मेदारी, बनाए गए एसपी
- Shiv Kumar
- 31 Mar, 2026
नोएडा पुलिस में अहम जिम्मेदारी संभाल रहे डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी का तबादला कर दिया गया है। अब वह महाराजगंज जिले में पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे। 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी शक्ति मोहन अवस्थी ने अपने करियर की शुरुआत से ही नोएडा में प्रभावी कार्यशैली और सख्त पुलिसिंग के जरिए अलग पहचान बनाई। उनके कार्यकाल के दौरान कई बड़े और चर्चित मामलों का खुलासा हुआ, जिससे कानून व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिली। उनके ट्रांसफर की खबर सामने आते ही पुलिस विभाग और स्थानीय लोगों के बीच उनकी कार्यशैली को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
नोएडा में कार्यकाल के दौरान किए कई बड़े काम
शक्ति मोहन अवस्थी ने नोएडा में रहते हुए कई अहम अभियानों का नेतृत्व किया। खास तौर पर उन्होंने अपनी टीम के साथ मिलकर 800 से ज्यादा मोबाइल फोन रिकवर कराने का बड़ा अभियान चलाया, जो काफी चर्चा में रहा। इसके अलावा अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई उनकी पहचान रही। उनकी कार्यशैली में सख्ती के साथ संवेदनशीलता भी देखने को मिली, जिसके कारण आम जनता में उनकी अच्छी छवि बनी। कई मामलों में उन्होंने तेजी से कार्रवाई कर अपराधियों पर लगाम लगाने का काम किया। यही वजह रही कि उनका कार्यकाल नोएडा पुलिस के लिए अहम माना जा रहा है।
यूपीएससी इंटरव्यू का दिलचस्प किस्सा भी रहा चर्चा में
शक्ति मोहन अवस्थी मूल रूप से लखनऊ के रहने वाले हैं और उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। उनके करियर से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी अक्सर चर्चा में रहता है। यूपीएससी इंटरव्यू के दौरान पैनल ने उनसे कहा था कि उनका चेहरा बॉलीवुड अभिनेता शर्मन जोशी से मिलता है। इस पर उनसे फिल्म 3 Idiots से जुड़ा सवाल पूछा गया। पैनल ने उन्हें फिल्म के इंटरव्यू सीन को सुनाने के लिए कहा, जिसे उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ नरेट किया। उन्होंने अंत में वही डायलॉग भी दोहराया— “आप अपनी नौकरी अपने पास रख लीजिए, मैं अपना एटीट्यूड अपने पास रख लेता हूं।” अब महाराजगंज में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनसे वहां भी इसी तरह के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






