ऋषिकेश घूमने गए थे नोएडा के तीन युवक, सेल्फी लेने के चक्कर में हो गया बड़ा कांड, पूरा मामला जान शॉक्ड हो जाएंगे आप!
- Shiv Kumar
- 31 Mar, 2026
ऋषिकेश घूमने आए तीन दोस्तों की ट्रिप उस वक्त हादसे में बदल गई, जब सेल्फी लेने के दौरान एक युवक चीला नहर में बह गया। घटना के बाद से प्रशासन और रेस्क्यू टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। जानकारी के मुताबिक, नोएडा से आए तीन दोस्त हरिद्वार और ऋषिकेश घूमने पहुंचे थे। सभी अपनी निजी कार से आए थे और घूमने के दौरान चीला-ऋषिकेश मार्ग पर नहर किनारे रुक गए। इसी दौरान एक छोटी सी लापरवाही ने बड़ा हादसा कर दिया, जिससे परिवार और दोस्तों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
सेल्फी लेते वक्त फिसला पैर, तेज बहाव में बहा युवक
बताया जा रहा है कि नोएडा निवासी आयुष (26), अपने दोस्तों ऋतिक मिश्रा और श्रुति वत्स के साथ चीला नहर किनारे घूम रहा था। इसी दौरान आयुष ने नहर के किनारे बने पैराफिट को पार कर अंदर जाकर सेल्फी लेने की कोशिश की। तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर सीधे नहर में जा गिरा। नहर में पानी का बहाव काफी तेज था, जिसके चलते वह कुछ ही सेकंड में बह गया। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज धारा के सामने कुछ भी नहीं कर सके। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत प्रशासन को सूचना दी गई।
एसडीआरएफ की टीम ने संभाला मोर्चा, लगातार चल रहा सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। टीम राफ्ट की मदद से गुर्जर बस्ती से लेकर चीला बैराज तक लगातार तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि नहर का बहाव तेज होने के कारण सर्च ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। कई घंटे बीत जाने के बावजूद अभी तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी मौके पर मौजूद है और हर संभव प्रयास किया जा रहा है कि युवक को जल्द से जल्द खोजा जा सके।
प्रशासन की अपील- खतरनाक जगहों पर सेल्फी लेने से बचें
इस हादसे के बाद प्रशासन ने पर्यटकों से खास अपील की है कि वे नदियों, नहरों और खतरनाक स्थानों पर सेल्फी लेने से बचें। अक्सर लोग रोमांच के चक्कर में सुरक्षा नियमों को नजरअंदाज कर देते हैं, जो इस तरह की घटनाओं का कारण बनता है। अधिकारियों का कहना है कि छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। वहीं, युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे भी मौके के लिए रवाना हो चुके हैं। फिलहाल सभी की नजरें सर्च ऑपरेशन पर टिकी हैं और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही कोई सुराग मिल सकेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






