प्रोफेसर के खाते से बिना ओटीपी निकल गए 59 लाख रुपए, ईमेल हैक करके किया कांड, मोबाइल पर न आया मेसेज और न ही अलर्ट
- Shiv Kumar
- 04 Apr, 2026
नोएडा में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक प्रोफेसर के बैंक खाते से 59 लाख रुपए निकाल लिए गए। हैरानी की बात यह रही कि पीड़ित को न तो कोई OTP मिला और न ही ट्रांजैक्शन का कोई अलर्ट। ठगी का पता तब चला, जब बैंक से मैसेज आया कि खाते से भारी रकम ट्रांसफर हो चुकी है। इसके बाद पीड़ित ने तुरंत बैंक और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस उन खातों की जांच कर रही है, जिनमें यह रकम ट्रांसफर की गई है।
ईमेल हैक कर किया गया बड़ा फ्रॉड
पीड़ित पवन कुमार भारती ने साइबर क्राइम थाने में दी शिकायत में बताया कि वह ग्रेटर नोएडा की एक सोसाइटी में रहते हैं और प्रोफेसर हैं। उनका एक बैंक में करंट अकाउंट है। 23 मार्च की सुबह करीब 10:30 बजे उन्हें बैंक से मैसेज मिला कि उनके खाते से कई ट्रांजैक्शन हुए हैं। जांच करने पर पता चला कि अलग-अलग हिस्सों में कुल 59 लाख रुपए निकाल लिए गए। जब उन्होंने मोबाइल और ईमेल चेक किया तो उनकी ईमेल आईडी निष्क्रिय मिली, जिससे अंदेशा है कि ठगों ने पहले ईमेल हैक कर बैंकिंग डिटेल्स तक पहुंच बनाई।
चार ट्रांजैक्शन में साफ किया खाता
पुलिस जांच में सामने आया है कि ठगों ने NEFT के जरिए चार अलग-अलग ट्रांजैक्शन में रकम ट्रांसफर की। इनमें 8 लाख, 10 लाख, 31 लाख और 10 लाख रुपए शामिल हैं। यह पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने ये ट्रांजैक्शन नहीं किए और न ही उनके मोबाइल पर कोई OTP या अलर्ट आया, जिससे मामला और भी गंभीर हो जाता है।
पुलिस जांच में जुटी, खातों की खंगाली जा रही जानकारी
घटना के बाद पीड़ित ने नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और पुलिस में रिपोर्ट दी। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ठगों ने किस तरह से बैंक अकाउंट और ईमेल को एक्सेस किया। साथ ही जिन खातों में पैसा ट्रांसफर हुआ है, उनकी डिटेल्स खंगाली जा रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के मामलों में डिजिटल सिक्योरिटी को लेकर और सतर्क रहने की जरूरत है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






