नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, AC बस में आग लगने से 9 यात्रियों की मौत, महोबा जा रही थी बस
- Shiv Kumar
- 24 Sep, 2026
यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात दिल्ली से महोबा जा रही राज कल्पना ट्रैवल्स की प्राइवेट AC स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। जेवर एयरपोर्ट से करीब 500 मीटर दूर हुए इस हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में 8 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। हादसे के वक्त बस में करीब 35 यात्री सवार थे। आग तेजी से फैलने के बाद कई यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर बाहर छलांग लगाई और अपनी जान बचाई। फायर ब्रिगेड ने 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में झुलसे यात्रियों को अस्पताल भेजा गया। बस पूरी तरह जल गई और अंदर मिले शव बुरी तरह झुलसे होने के कारण उनकी पहचान में मुश्किल आ रही है। घटना के बाद पुलिस ने बस के चालक पवन और कंडक्टर योगेश को हिरासत में लिया है।
करीब 45 मिनट में बुझी आग, दो घंटे प्रभावित रहा ट्रैफिक
हादसा रात करीब 11:30 बजे यमुना एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 33 के पास हुआ। बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से रात करीब 9:30 बजे महोबा के लिए रवाना हुई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने में करीब 45 मिनट लगे। इसके बाद फायरकर्मियों ने बस का पिछला हिस्सा काटकर अंदर प्रवेश किया और एक-एक करके शव बाहर निकाले। रेस्क्यू अभियान करीब दो घंटे चला। हादसे के कारण नोएडा से आगरा जाने वाली लेन कुछ समय के लिए बंद रही और करीब 2:30 बजे के आसपास सिंगल लेन से यातायात शुरू कराया गया। मौके पर यमुना एक्सप्रेसवे और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र की करीब 20 एंबुलेंस भी भेजी गई थीं।
यात्रियों ने बताया- बस में भर गया था धुआं, खिड़कियां तोड़कर निकले
हादसे के समय ज्यादातर यात्री सो रहे थे। यात्री रिंकी राजपूत ने बताया कि किसी ने उन्हें जगाकर बस में आग लगने की जानकारी दी। उठकर देखा तो अंदर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मची थी। धुआं इतना भर गया था कि सांस लेना मुश्किल हो रहा था। यात्रियों ने खिड़कियां तोड़ीं और उनसे कूदकर बाहर निकले। रिंकी के मुताबिक, आग कुछ ही देर में पूरी बस में फैल गई और कई लोग अंदर ही फंस गए। घायल रेखा भारद्वाज ने बताया कि वह पति के साथ दिल्ली से महोबा जा रही थीं। शोर सुनकर उनकी नींद खुली तो यात्री बाहर निकलने के लिए एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे। वह भी भागते समय बस में गिर गईं और बाद में सड़क पर मिलीं। उनके पति का अभी पता नहीं चला है।
शुरुआती जांच में AC से आग लगने की बात, ड्राइवर-कंडक्टर हिरासत में
CFO प्रदीप कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में AC में स्पार्क या ब्लास्ट के बाद इंजन के लुब्रिकेंट ऑयल में आग लगने की बात सामने आई है। आग इसके बाद तेजी से बस में फैल गई। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। दूसरी ओर, हमीरपुर निवासी सुनील कुमार की शिकायत में चालक और परिचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक, यात्रियों ने बस में जलने की गंध आने की जानकारी दी थी, लेकिन चालक ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। सुनील का आरोप है कि आग लगने के बाद भी बस तुरंत नहीं रोकी गई और यात्रियों के शीशे तोड़ना शुरू करने के बाद चालक ने वाहन रोका। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
CM योगी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये देने का ऐलान
हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री की ओर से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। प्रशासन के अनुसार, शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं और मृतकों की पहचान व उनके परिजनों से संपर्क की प्रक्रिया चल रही है। घायलों में से कई को प्राथमिक उपचार के बाद महोबा भेजा गया है, जबकि एक महिला का अस्पताल में इलाज जारी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






