नोएडा बस अग्निकांड में दो ड्राइवर और एक कंडक्टर गिरफ्तार, यमुना एक्सप्रेसवे पर 9 यात्रियों की हुई थी मौत

top-news
यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर AC बस में आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई। हादसे के मामले में पुलिस ने ड्राइवर पवन और कंडक्टर योगेश को गिरफ्तार किया है। FIR में यात्रियों ने बस में जलने की गंध और आग के बाद बस देर से रोकने का आरोप लगाया है।

यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात स्लीपर AC बस में लगी आग के मामले में पुलिस ने बस के ड्राइवर पवन और कंडक्टर योगेश को गिरफ्तार किया है। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हुई है, जिनमें 8 पुरुष और एक महिला शामिल है। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। हादसे के बाद 20 यात्रियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि कुछ लोग खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलने में कामयाब रहे। घटना रात करीब 11:30 बजे जेवर एयरपोर्ट से लगभग 500 मीटर दूर हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


जलने की गंध के बाद भी बस नहीं रोकने का आरोप

FIR में यात्री सुनील कुमार ने आरोप लगाया है कि बस में पहले से जलने जैसी गंध आ रही थी। उनके मुताबिक, ड्राइवर और क्लीनर सिगरेट पी रहे थे और यात्रियों ने इसका विरोध भी किया। आरोप है कि विरोध करने पर दोनों हंसने लगे। कुछ देर बाद बस में आग लग गई। यात्री सुनील का दावा है कि आग लगने के बाद भी ड्राइवर ने तुरंत बस नहीं रोकी। इसके बाद यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की और फिर बस रोकी गई।


कश्मीरी गेट से महोबा जा रही थी बस

बताया गया है कि बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से रात करीब 9:30 बजे महोबा के लिए रवाना हुई थी। करीब दो घंटे बाद जेवर एयरपोर्ट के पास बस में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को बाहर निकलने में काफी परेशानी हुई। कई लोगों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर जान बचाई। आग में मारे गए यात्रियों के शव बुरी तरह झुलस गए हैं, जिससे उनकी पहचान में भी दिक्कत आ रही है। पुलिस की ओर से शवों की पहचान की प्रक्रिया की जा रही है।


पांच दमकल गाड़ियों ने 45 मिनट में बुझाई आग

सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बस का पिछला हिस्सा काटकर फायरकर्मियों ने अंदर प्रवेश किया और एक-एक कर शवों को बाहर निकाला। राहत और बचाव अभियान करीब दो घंटे तक चला। चीफ फायर ऑफिसर प्रदीप कुमार के मुताबिक शुरुआती जांच में AC में स्पार्क या ब्लास्ट होने के बाद इंजन में आग लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।


बस पर पहले से 19 चालान, 1.75 लाख रुपये जुर्माना

पुलिस के मुताबिक यह बस मध्य प्रदेश की राज कल्पना ट्रैवल्स की है। पुलिस ने बताया कि बस के खिलाफ पहले 19 चालान हो चुके हैं और इन पर कुल 1.75 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। हादसे के बाद पुलिस ने ड्राइवर पवन और कंडक्टर योगेश को गिरफ्तार किया है। मामले में बस की स्थिति, हादसे की परिस्थितियों और यात्रियों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *