यूपीआईटीएस में बोले पीयूष गोयल- उत्तर प्रदेश के विकास की गूंज अब देश ही नहीं, पूरी दुनिया में सुनाई दे रही
- Shiv Kumar
- 27 Sep, 2026
ग्रेटर नोएडा: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के स्पेशल बिजनेस सेशन में उत्तर प्रदेश के विकास और बढ़ते औद्योगिक निवेश का उल्लेख किया। ‘लीवरेजिंग इंडियाज फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स फॉर ग्लोबल बिजनेस ग्रोथ’ विषय पर आयोजित सत्र में उन्होंने कहा कि प्रदेश की सकारात्मक सोच, उद्यमियों का आत्मविश्वास और विकास के प्रति प्रतिबद्धता उसकी नई पहचान बन रहे हैं। गोयल ने एक्सप्रेसवे, नए एयरपोर्ट, औद्योगिक पार्क और डिफेंस, सेमीकंडक्टर व इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों में निवेश का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यूपीआईटीएस आने वाले वर्षों में और बड़ा तथा प्रभावी मंच बनेगा।
निर्यात और निवेश को लेकर रखे सरकार के दावे
गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश के स्थानीय ब्रांड और उत्पाद अब अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी पहचान बना रहे हैं और प्रदेश के निर्यात को वर्ष 2030 तक पांच लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने 2017 से पहले के कारोबारी माहौल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और निवेश को लेकर उद्यमियों में चिंता थी। उनके मुताबिक बाद के वर्षों में बेहतर प्रशासन और केंद्र-राज्य समन्वय से निवेश का माहौल बदला है। उन्होंने आबकारी, स्टांप ड्यूटी, रजिस्ट्रेशन और खनन से मिलने वाले राजस्व में वृद्धि का भी दावा किया। गोयल के अनुसार वर्ष 2016-17 में खनन राजस्व करीब 1,548 करोड़ रुपये था, जबकि अब इसमें कई गुना बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि बढ़े हुए राजस्व से सड़क, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, औद्योगिक विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध हुए हैं।
फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स के जरिए ग्लोबल मार्केट पर जोर
केंद्रीय मंत्री ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को प्रदेश के उद्यमियों को वैश्विक बाजार से जोड़ने वाला मंच बताया। उन्होंने कहा कि भारत के विभिन्न देशों के साथ हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स से भारतीय उत्पादों के लिए नए बाजार खुल रहे हैं और उत्तर प्रदेश के उद्यमियों को इसका लाभ उठाना चाहिए। गोयल ने कारोबारियों से गुणवत्ता, नवाचार और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने की अपील की। उन्होंने युवाओं के कौशल विकास और प्रदेश में हो रहे अंतरराष्ट्रीय स्तर के व्यापारिक आयोजनों का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम में प्रदेश के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






